टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर में सबसे ज्यादा अब तक 36 रन बनाने का रिकॉर्ड था। ये रिकॉर्ड एक बार नहीं, बल्कि 5 बार बना, लेकिन समोया के बल्लेबाज डेरियस विसर ने एक ओवर में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर ये विश्व रिकॉर्ड अब अपने नाम दर्ज करा लिया है। उन्होंने ये कीर्तिमान वानुअतु के खिलाफ बनाया है। अभी तक ये रिकॉर्ड युवराज सिंह, किरोन पोलार्ड, नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी और रोहित शर्मा/रिंकू सिंह के नाम दर्ज था।
महज 62 गेंदों पर खेली 132 रन की तूफानी पारी
दरअसल, समोया के बल्लेबाज डेरियस विसर ने वानुअतु के खिलाफ एक ही ओवर में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाए हैं। ये छक्के लगातार नहीं थे, हालांकि एक ही ओवर में आए। इस ओवर में तीन नो बॉल भी थीं। इस तरह एक ओवर में उन्होंने 39 रन बनाकर इतिहास रच दिया है। डेरियस विसर ने नालिन निपिको के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी की और महज 62 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 14 छक्कों की मदद से 132 रन की तूफानी पारी खेली।
ओवर की हर गेंद का हाल
डेरियस विसर ने वानुअतु के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाज नालिन निपिको के 15वें ओवर की पहली 3 गेंदों पर 3 छक्के लगाए। निपिको ने चौथी गेंद नो बॉल रही, जिस पर कोई रन नहीं बन सका। फिर अगली गेंद पर विसर ने छक्का जड़ा। पांचवीं गेंद खाली गई और फिर अगली गेंद पर विसर ने फिर से छक्का मार दिया। हालांकि, ये गेंद नो बॉल थी। निपिको की आखिरी गेंद पर विसर ने एक और छक्का जड़ते हुए इतिहास रच दिया। इस ओवर में छह छक्के और तीन नो बॉल के रन मिले। इस तरह कुल 39 रन इस ओवर में आए।
एक नजर मैच पर
मैच की बात करें तो समोया की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 174 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें अकेले डेरियस विसर ने 62 गेंदों पर 5 चौके और 14 छक्कों की मदद से 132 रन की विस्फोटक पारी खेली। समोया का अन्य कोई बल्लेबाज 20 आंकड़ा तक नहीं छू सका। इसके जवाब में वानुअतु की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी और समोया ने ये मुकाबला 10 रन से जीत लिया।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News