रामपुर (एजेंसी/वार्ता) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राज्य की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते हुये कहा कि रामपुर को उद्योग नगरी के तौर पर विकसित किया जायेगा। श्री पाठक ने मंगलवार को यहां कहा कि भाजपा तीनों सीट जीत रही है।
भाजपा प्रत्याशी के जीतने पर वह रामपुर को उद्योग नगरी के तौर पर विकसित कराएंगे उद्योग के नाम पर रामपुर नंबर वन होगा। रामपुर में निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित किया जायेगा। यहां के वायलन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होने कहा कि भाजपा में मुस्लिम सहित सभी वर्ग के लोगों का मान सम्मान है। सभी का विकास सर्वोपरि है।
उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आकाश सक्सेना हनी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सर्वसमाज का सहयोग मिल रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के मामले में चल रही जांच से भाजपा का कोई वास्ता नहीं है। यह अधिकारी बताएंगे कि कैसी जांच चल रही है।
भाजपा शुचिता की राजनीति करती है। पार्टी में कानून तोड़ने वाला एक भी व्यक्ति मिलेगा तो यह हमारा दावा है कि उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उसकी पुश्तें याद रखेंगी। पूरे देश की जनता को हम भरोसा दिलाने चाहते हैं कि कानून का राज हम कायम करेंगे और इस को हाथ में लेने की किसी को भी इजाजत नहीं है उन्होने कहा कि निकाय चुनाव में जो जीतेगा उसे टिकट देंगे चाहे वह मुस्लिम ही क्यों ना हो। भाजपा सियासत सत्ता के लिए नहीं बल्कि गरीब कल्याण के लिए काम करती है।
एजेंसी/वार्ता
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News