चंडीगढ़ (एजेंसी/वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि गुजरात में हर जगह परिवर्तन की लहर है क्योंकि नौजवान ,किसान, महिलाएं और कर्मचारी वर्ग सभी भाजपा सरकार से नाराज हैं। सभी वर्ग के लोग इस बार परिवर्तन चाह रहे हैं। श्री मान ने कहा कि गुजरात के लोगों को इस बार भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार की नहीं आम आदमी पार्टी की नयी इंजन वाली सरकार चाहिए।
भाजपा के दोनों इंजन अब पुरानी हो चुके हैं। भाजपा के इंजन में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी की गंदगी भर चुकी है। श्री मान सोमवार को चुनाव प्रचार के लिए वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने बालासिनोर, लुनावाडा और दाकोर के विभिन्न क्षेत्रों में आप उम्मीदवारों के पक्ष में रोड शो किया और लोगों से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। रोड शो के दौरान लोगों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में सिर्फ दो दिन बाकी है।
अब भाजपा वाले आपको पैसे का लोभ लालच देंगे, लेकिन इस बार उनके चक्कर में फंसना नहीं है। इस बार अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट करना है। उनके अनुसार भाजपा की महंगाई और बेरोजगारी की चक्की में आम लोग पीस रहे हैं। लोगों के पास पहले अच्छे विकल्प नहीं थे, इसलिए उन्हें लगातार 27 साल से भाजपा का कुशासन झेलना पड़ रहा था। इस बार आम आदमी पार्टी के रूप में आम लोगों को एक अच्छा विकल्प मिल गया है। इसलिए इस बार सभी वर्ग के लोग भाजपा से छुटकारा चाह रहे हैं।
नौजवान पीढ़ी का नाम गुजरात के इतिहास में लिखा जाएगा। हर जगह नौजवानों ने ही हमेशा सत्ता का तख्तापलट किया
है। इस बार गुजरात के नौजवान भाजपा को सत्ता से बेदखल करेंगे और लोगों को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन से मुक्ति दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने पंजाब और दिल्ली की आप सरकार का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने पंजाब और दिल्ली में आम लोगों के लिए बिजली मुफ्त की।
बेहतर इलाज के लिए जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोले। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनने के मात्र छह महीने के भीतर 20 हजार से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गयी और करीब 10 हजार अनियमित कर्मचारियों की नौकरी नियमित कर दी। गुजरात में भी आम आदमी पार्टी को एक मौका दें, वह यहां भी ये सब करके दिखाएंगे।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: देवीलाल ने दिये थे 85 विधायक, अब केवल एक, अभय शेष को खोजें:रणजीत
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News