बागेश्वर/नैनीताल (एजेंसी/वार्ता): उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के कपकोट में सामूहिक पूजा समारोह के दौरान चचेरे भाइयों में हिसंक वारदात के बाद एक भाई की मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस को तहरीर मिल गयी है व हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक हिमांशु वर्मा ने बताया कि घटना कपकोट थाना के हरसिंग्या बगड़ गांव के बमनखेत तोक में रविवार रात को घटी है। बताया जा रहा है कि गांव में स्थानीय घन्याली देवता का सामूहिक पूजा समारोह चल रहा था। इसी दौरान चंचल सिंह व महेश सिंह का अपने चचेरे भाईयों शंकर सिंह कोरंगा व खुशाल सिंह से विवाद हो गया। विवाद हिसंक झड़प में बदल गया। इसी दौरान चंचल सिंह व महेश सिंह ने अपने चचेरे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें शंकर सिंह कोरंगा की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि चचंल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी। लोगों ने बमुश्किल घायल को कपकोट अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद गंभीर घायल को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी गयी। वर्मा ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गयी है। पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में ले लिया है। हमलावरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: तमिलनाडु में सुनामी की 18वीं बरसी पर कैंडल मार्च, मौन रैलियों निकाली गयी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News