हैदराबाद, 15 जनवरी (वार्ता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस ‘नए भारत की क्षमता और संकल्प’ का प्रतीक है।
श्री मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सिकंदराबाद को विशाखापत्तनम से जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की जाने वाली आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस है।
श्री मोदी ने नयी दिल्ली से वर्चुअली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले अपने संबोधन में कहा, “यह उस भारत का प्रतीक है जिसने तीव्र विकास का मार्ग चुना है।”
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला,“यह ट्रेन एक ऐसे भारत को दर्शाती है जो अपने सपनों और आकांक्षाओं के प्रति उत्सुक है, एक ऐसा भारत जो अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहता है, एक ऐसा भारत जो उत्कृष्टता के लिए प्रयास करता है, एक ऐसा भारत जो अपने नागरिकों को सर्वश्रेष्ठ देना चाहता है, और एक ऐसा भारत जो गुलामी की मानसिकता की बेड़ियों को तोड़कर आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर हुआ है।”
यह ट्रेन भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की जाने वाली आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी और लगभग 700 किमी की दूरी तय करते हुए दो तेलुगु भाषी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाली पहली ट्रेन होगी। आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम, राजमुंदरी और विजयवाड़ा स्टेशनों पर और तेलंगाना में खम्मम, वारंगल और सिकंदराबाद स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।
श्री मोदी ने उत्सव का जिक्र किया और कहा कि इस शुभ माहौल में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिल रही है जो आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की साझी विरासत को जोड़ेगी।
उन्होंने इस अवसर पर दोनों राज्यों के लोगों को बधाई दी और सेना दिवस पर सशस्त्र बलों को भी शुभकामनाऐं दी और कहा कि भारतीय सेना अपनी बहादुरी एवं पेशेवराना अंदाज के लिए जानी जाती है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News