लखनऊ (एजेंसी/वार्ता): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के शर्मनाक बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन किया और पाकिस्तानी विदेश मंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
लखनऊ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से अटल चौक तक विरोध मार्च निकालकर बिलावल भुट्टो का पुतला जलाया। पार्टी कार्यकर्ताओं जिला स्तर पर भी जोरदार प्रदर्शन कर पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान का विरोध करते हुए पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
चौधरी ने भुट्टो के बयान की भर्त्सना करते हुये कहा कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री का बयान उनकी कुंठा और मानसिक दिवालियेपन का परिचायक है। आज विश्व पटल पर पाकिस्तान की पहचान आतंकवाद को पालने-पोसने और बढ़ावा देने वाले देश की बन गई है। पाकिस्तान में आतंकवाद की फैक्ट्री चलती है।
पाकिस्तान के आंतरिक हालात और उसकी बदहाली किसी से छुपी नहीं है। पाकिस्तान के लगातार बिगड़ते आर्थिक हालात, सेना का मनमुटाव दुनिया भर के देशों से पाकिस्तान के खराब रिश्ते और आतंक को संरक्षण की पाकिस्तानी नीति से दुनिया का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने ऐसा गिरा हुआ और अमर्यादित बयान दिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनी है। भारत की विदेश नीति की सराहना चहुओर हो रही है। मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री पर अमर्यादित बयान देकर पाकिस्तान पर एक कलंक और लगाया है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: धर्मस्थल की पवित्रता की रक्षा के लिए प्राधिकरण की स्थापना होगी: मंत्री आनंद सिंह
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News