केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने लोकसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के दावों को आगे बढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से मुलाकात की।
पारस के साथ उनकी पार्टी के तीन अन्य लोकसभा सदस्य भी थे।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि आरएलजेपी नेताओं ने अन्य मुद्दों के अलावा बिहार में चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रणनीति पर चर्चा की।
पारस के नेतृत्व वाली पार्टी और उनके भतीजे एवं लोकसभा सदस्य चिराग पासवान की अध्यक्षता वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में तीखी जुबानी जंग होती रहती है, क्योंकि दोनों ही दल चिराग पासवान के पिता एवं दलित नेता रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत के लिए लड़ रहे हैं।
भाजपा के सहयोगी चिराग पासवान ने भी इस बात पर जोर दिया है कि उनकी पार्टी संसदीय चुनाव में छह सीट पर लड़ना चाहेगी। लोक जनशक्ति पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इतनी ही सीट पर चुनाव लड़ा था, जब चिराग पासवान और पशुपति पारस रामविलास पासवान के नेतृत्व में एक साथ थे।
चिराग पासवान ने हाजीपुर सीट पर भी दावा किया है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में लोकसभा में पारस करते हैं।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News