अलवर (एजेंसी/वार्ता): पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा को स्थगित करने के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के पत्र को एक राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भारतीय जनता पार्टी में घबराहट पैदा हो गई है। इसलिए अब वह कोरोना का बहाना बनाकर इस यात्रा को स्थगित करना चाहते हैं।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री विज्ञान भवन में बड़ी सभा कर रहे हैं विदेशों के दौरे कर रहे हैं इनके मुख्यमंत्री बड़ी-बड़ी मीटिंग कर रहे हैं। बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं तब इन पर कोरोना का कोई असर नहीं है लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में मिल रहे भारी समर्थन से केंद्र सरकार की बौखलाहट सीधी देखी जा सकती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान में निकाली जा रही आक्रोश रैली पूरी तरह फ्लॉप हो रही है जिनमें 5 लोग भी शामिल नहीं हो रहे हैं और इनके बीच जूतमपेजार हो रही है। मुकदमा तक दर्ज हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी का चेहरा देख रही है वह किस तरीके की राजनीति करते हैं। अब कोरोना का नाम लेकर भारत जोड़ो यात्रा को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अनवरत रूप से जारी रहेगी। यहां उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर कहां है कि बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए इस यात्रा को स्थगित किया जाए इस पत्र के बाद विवाद शुरू हो गया।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: मनोज जोशी की पुस्तक हिंदुत्व और गांधी का लोकार्पण
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News