भोपाल (एजेंसी/वार्ता): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि श्रीमहाकाल महालोक उज्जैन की तर्ज पर सलकनपुर देवी मंदिर में बनने वाले देवी लोक में 64 योगिनी और माता के 9 स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की जायेंगी। आगामी नवरात्र में मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम किया जायेगा, जिसमें देवी लोक की परिकल्पना को श्रद्धालुओं के समक्ष रखा जायेगा।
चौहान ने आज प्रसिद्ध क्रिकेटर एवं सांसद गौतम गंभीर के साथ सलकनपुर माता मंदिर में विधि-विधान से पूजन कर आरती की। मुख्यमंत्री ने सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट की ओर से सांसद श्री गंभीर का माता की चुनरी, शॉल-श्रीफल और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय एवं श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि आगामी एक सप्ताह में देवी लोक की परिकल्पना का प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया जाये। सभी आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर देवी लोक निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना है। पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि वर्तमान में मंदिर में चल रहे विकास कार्यों में पार्किंग, दुकान निर्माण और तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो गये हैं। मार्च माह तक सभी कार्य पूर्ण कर लिये जायेंगे।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: राजस्थान के दौसा जिले में भारत जोड़ो यात्रा में जन सैलाब उमड़ा
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News