पिछले काफी समय से साउथ के सुपरस्टार प्रभास की फिल्म सालार चर्चा में है और फिल्म इसलिए भी सुर्खियां बटोर रही है, क्योंकि इसके निर्देशन की कमान प्रशांत नील ने संभाली है, जो केजीएफ जैसी सुपरहिट फ्रैंचाइजी दर्शकों के बीच पेश कर चुके हैं।उधर इस फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
सालार के पहले गाने सूरज ही छांव बनके का बेसब्री से इंतजार था और अब आखिरकार यह इंतजार खत्म हो गया है।फिल्म का गाना हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज किया गया है। गाने के बोल बेहद खूबसरत हैं। ये कुछ ऐसे हैं, जो सीधे दिल को छू जाते हैं, वहीं फिल्म में देवा बने प्रभास और पृथ्वीराज सुकुमारन उर्फ वर्धा की दोस्ती की झलक इसमें देखने को मिल रही है।दोनों के बीच शानदार बॉन्डिंग नजर आ रही है, वहीं काफी समय बाद दोस्ती पर एक खूबसूरत गाना सुनने को मिला है।
मेनुका पौडेल ने इसे अपनी आवाज दी है।बता दें कि 1 दिसंबर को फिल्म का दमदार ट्रेलर जारी किया गया था, जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।फिल्म में श्रुति हासन और जगतपति बाबू भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।कुछ ही दिन पहले फिल्म को सेंसर बोर्ड से ए सर्टिफिकेट मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 2 घंटे और 55 मिनट की होगी।यह फिल्म 22 दिसंबर को तेलुगु, मलयालम, तमिल, कन्नड़ और हिंदी में भी रिलीज होगी।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News