ड्रोन लॉजिस्टिक सेवाएं देने वाली कंपनी टेकईगल ने सोमवार को कहा कि उसने दवाओं की त्वरित आपूर्ति के लिए 10 एम्स अस्पतालों के साथ साझेदारी की है।
कंपनी ने बयान में कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (आईएनआई) के 10 अस्पतालों के साथ साझेदारी कर देशव्यापी प्रभाव स्थापित किया गया है।
इसके तहत टेकईगल इन अस्पतालों को ड्रोन सेवाओं के जरिये दवाओं की त्वरित आपूर्ति करेगी।
हाल ही में टेकईगल ने एम्स राजकोट और एम्स मंगलागिरी के ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पांच किलोग्राम तक की चिकित्सकीय सामग्री ड्रोन के जरिये पहुंचाने का सफल परीक्षण किया था।
टेकईगल के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विक्रम सिंह मीणा ने कहा, ”हम एक ऐसा भविष्य देखते हैं जहां ड्रोन भारत की स्वास्थ्य देखभाल चुनौतियों को हल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। देश के 10 एम्स एवं आईएनआई अस्पतालों को ड्रोन से दवाएं भेजना स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हमारी प्रतिबद्धता दर्शाता है।”
टेकईगल ने पहले कहा था कि उसके ड्रोन ने केवल 34 मिनट में ही टीबी की जरूरी दवा उत्तराखंड के दूरस्थ स्थानों तक पहुंचाई थी। सड़क मार्ग से इतनी ही दूरी तय करने में चार घंटे से अधिक का समय लगता है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News