कैलेंडर वर्ष 2023 के पहले 11 महीनों में भारत से चाय का निर्यात 1.17 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 20.71 करोड़ किलोग्राम रहा है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
वर्ष 2022 की समान अवधि में देश से 20.96 करोड़ किलोग्राम चाय का निर्यात किया गया था। वहीं पूरे कैलेंडर साल 2022 में कुल 23.10 करोड़ किलोग्राम चाय का निर्यात हुआ था।
चाय बोर्ड की तरफ से जारी निर्यात आंकड़ों के मुताबिक, बीते साल की जनवरी-नवंबर अवधि में मुख्य रूप से असम और पश्चिम बंगाल जैसे उत्तर भारत के क्षेत्र से निर्यात घटा है। यह एक साल पहले की समान अवधि के 13.22 करोड़ किलोग्राम से घटकर 12.52 करोड़ किलोग्राम रह गया।
आंकड़ों के मुताबिक, 2023 के पहले 11 महीनों में दक्षिण भारत से निर्यात जनवरी-नवंबर, 2022 के 7.73 करोड़ किलोग्राम की तुलना में बढ़कर 8.18 करोड़ किलोग्राम हो गया।
उद्योग सूत्रों ने कहा कि देश के कुल चाय निर्यात में गिरावट की प्रमुख वजह ईरान बाजार में भुगतान समस्याओं के कारण मात्रा में आई कमी रही। स्वतंत्र देशों के राष्ट्रकुल (सीआईएस) के बाद भारत के कुल चाय निर्यात में ईरान की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत है।
सूत्रों ने इसके साथ ही कहा कि 2023 के समूचे कैलेंडर वर्ष के लिए निर्यात परिदृश्य गंभीर बना हुआ है क्योंकि पश्चिम एशियाई देशों में निर्यात को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है।
दिसंबर, 2023 में चाय का उत्पादन 7.75 करोड़ किलोग्राम रहने का अनुमान है जो एक साल पहले के समान महीने के 6.45 करोड़ किलोग्राम से अधिक है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News