आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। 13 में से 10 मुकाबलों में हार झेल चुकी टीम इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। टीम के कप्तान एमएस धोनी, जो इस समय आईपीएल के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी (43 वर्ष) हैं, खुद भी लय में नजर नहीं आए हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मैच में धोनी ने 17 गेंदों पर सिर्फ 16 रन बनाए, जिसके बाद उनके प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं।
क्रिस श्रीकांत ने धोनी को दी रिटायरमेंट की सलाह
मैच के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने धोनी की धीमी बल्लेबाजी को लेकर नाराजगी जाहिर की। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए उन्होंने कहा:
“धोनी की उम्र बढ़ रही है। ऐसे में आप उनसे हर बार मैच जिताने की उम्मीद नहीं कर सकते। लेकिन अगर आप बार-बार आकर खेल को बिगाड़ रहे हैं, तो यह स्वीकार कर लीजिए कि अब आप सक्षम नहीं हैं। यह फैसला सिर्फ धोनी को ही लेना होगा—क्या वो खेलते रहेंगे, और अगर हां, तो किस भूमिका में: कप्तान, विकेटकीपर या फिनिशर?”
श्रीकांत ने आगे कहा, “धोनी की सजगता अब पहले जैसी नहीं रही। घुटनों की हालत, फिटनेस, रिफ्लेक्स—सब कुछ पहले से कमजोर हो गया है। स्पिन गेंदबाज उन्हें आसानी से बांध रहे हैं। वो जमकर स्ट्रगल कर रहे हैं। एक दौर था जब धोनी स्पिनर्स को सीधे स्टैंड्स में भेजते थे, लेकिन अब वैसा आत्मविश्वास नजर नहीं आता।”
गायकवाड़ के जाने के बाद फिर से कप्तान बने धोनी
सीजन की शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ के पास थी, लेकिन चोट के चलते वह पूरे सीजन से बाहर हो गए। इसके बाद एक बार फिर धोनी को कप्तानी की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। हालांकि, टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया। 13 में से केवल 3 मुकाबले ही जीत पाई सीएसके, और बल्लेबाजी के मोर्चे पर टीम सबसे ज्यादा फिसड्डी साबित हुई।
अब सीएसके अपना आखिरी लीग मुकाबला 25 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी।
यह भी पढ़ें:
चेहरे पर काले धब्बे? ये सिर्फ झाइयां नहीं, गंभीर एलर्जी हो सकती है
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News