सिंगापुर की कंपनी करेगी IFL Enterprises Ltd. में बड़ा निवेश, शेयरों में लगातार अपर सर्किट

IFL Enterprises Ltd. को लेकर शेयर बाजार में इन दिनों हलचल मची हुई है। अहमदाबाद की इस कृषि और फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स से जुड़ी कंपनी में सिंगापुर की यूनिक ग्लोबल मैनेज्ड सर्विसेज PTE. Ltd. ने निवेश की इच्छा जताई है। इस खबर के सामने आने के बाद से कंपनी के शेयरों में लगातार अपर सर्किट लग रहा है और निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है।

क्या है पूरा मामला?
शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार, 1 अगस्त 2025 को IFL Enterprises के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की अहम बैठक होनी है, जिसमें यूनिक ग्लोबल के रणनीतिक निवेश प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। यूनिक ग्लोबल ने कंपनी को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) भेजा है, जिसमें उन्होंने 2 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 12% हिस्सेदारी खरीदने की पेशकश की है। यह मूल्य IFL के मौजूदा शेयर भाव से 100% अधिक है।

शेयर में तेजी का कारण
इस निवेश प्रस्ताव के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया। 22 और 23 जुलाई को शेयर लगातार 5% की बढ़त के साथ अपर सर्किट में बंद हुआ। 23 जुलाई को शेयर 1.01 रुपये पर खुला और उसी पर अपर सर्किट में फंस गया।

FPI की भी दिलचस्पी
केवल यूनिक ग्लोबल ही नहीं, 11 जुलाई 2025 को हुई बोर्ड बैठक में यह जानकारी भी सामने आई कि चार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने कंपनी में कुल 16.08% हिस्सेदारी खरीद ली है। इसमें Al Maha Investment Fund, Minerva Venture Fund, Nautilus Private Capital और Nova Global Opportunities Fund शामिल हैं।

इसके अलावा कंपनी ने 49 करोड़ से ज्यादा राइट्स इक्विटी शेयर भी जारी किए हैं, जिससे कंपनी की पेड-अप कैपिटल 124.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

कंपनी क्या करती है?
2009 में स्थापित IFL Enterprises Ltd. मुख्य रूप से फल, सब्ज़ी, बीज, ऑर्गेनिक और हर्बल उत्पादों के आयात-निर्यात और एग्री कमोडिटी ट्रेडिंग में सक्रिय है। साथ ही यह कंपनी कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, वेयरहाउसिंग और शेयर-फाइनेंशियल ट्रेडिंग में भी हाथ आजमा रही है।

कंपनी की प्रतिक्रिया
कंपनी के निदेशक मंडल का कहना है कि यह प्रस्ताव बड़े निवेशकों का भरोसा दर्शाता है। कंपनी को उम्मीद है कि अगर यह सौदा पूरा होता है तो इससे वित्तीय और रणनीतिक रूप से बड़ा लाभ होगा।

यह भी पढ़ें:

डॉन 3 में नहीं होंगे करण वीर मेहरा, विलेन की खोज अब भी जारी