मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम में ऐतिहासिक जीत के बाद से ही आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए ‘मिशन-29’ में जुटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज गुना जिले के राघौगढ़ के प्रवास पर रहेंगे।
राघौगढ़ विधानसभा प्रवास के दौरान श्री चौहान भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे।
राघौगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का गृह क्षेत्र है। यहां से इस बार भी श्री सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह विधायक चुने गए हैं।
श्री चौहान इन दिनों उन सभी क्षेत्रों का प्रवास कर रहे हैं, जहां पार्टी अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाती है और वे सीटें कांग्रेस की परंपरागत सीटें मानी जाती हैं। इसी क्रम में उन्होंने पिछले दो दिन में बुधवार को छिंदवाड़ा जिले और कल गुरुवार को श्योपुर जिले का प्रवास किया था। इन दोनों ही जिलों की सभी सीटें (छिंदवाड़ा की सात और श्योपुर की दो) इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खाते में गई हैं।
इन दोनों ही स्थानों पर श्री चौहान न केवल कार्यकर्ताओं के बीच गए, बल्कि उन्होंने महिलाओं के बीच लाड़ली बहना सम्मेलन भी किया। दोनों ही स्थानों पर श्री चौहान कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए दिखाई दिए।
राज्य में कुल 29 लोकसभा सीटें हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 29 लोकसभा सीटों में से 28 भाजपा के खाते में गईं थीं। एकमात्र छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ चुन कर आए थे। छिंदवाड़ा श्री कमलनाथ का गृह क्षेत्र है। वहीं श्योपुर जिले में दो विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव में ये दोनों सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News