मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की इस प्रदेश की यात्रा के मद्देनजर उन पर हमला बोला और कहा कि वे इधर उधर की बात करने की बजाय सीधे सीधे जवाब दें कि कांग्रेस ने देश में अब तक अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कितने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दिए हैं।
श्री चौहान ने वीडियो संदेश के जरिए कहा कि श्री गांधी आज मध्यप्रदेश में हैं। वे इधर उधर की बात करने की बजाय सीधे सीधे बताएं कि कांग्रेस ने श्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर श्री मनमाेहन सिंह तक कितने प्रधानमंत्री ओबीसी वर्ग से बनाए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री चौहान ने कहा कि इसी तरह श्री गांधी यह भी बताएं कि मध्यप्रदेश में पंडित रविशंकर शुक्ल से लेकर श्री दिग्विजय सिंह तक कितने मुख्यमंत्री कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग से दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के गठबंधन “इंडिया” के संदर्भ में कहा कि श्री गांधी ने सनातन धर्म के अलावा माताओं, बहनों और दलितों के अपमान के मुद्दे पर भी चुप्पी क्यों साधे हैं। श्री चौहान ने कहा कि श्री गांधी इस तरह मौन रहकर एक तरह से “अपमान” का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “इंडी गठबंधन” में शामिल दल और उनके नेताओं ने सनातन धर्म को लेकर अपमानजनक बयान दिए हैं। इस मुद्दे पर श्री गांधी अब तक चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
श्री चौहान ने कहा कि इंडी गठबंधन के एक नेता ने हाल ही में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी जैसे दलित नेता के साथ जो व्यवहार किया, वह भी सब जानते हैं। लेकिन श्री गांधी इस पर भी बोलने का साहस नहीं दिखा रहे हैं। विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं ने महिलाओं और बहनों का भी अपमान किया है, लेकिन श्री गांधी कुछ नहीं बोल रहे हैं।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News