‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ शो के शुरू होने को लेकर अभिनेत्री समृद्धि शुक्ला ने अपना उत्साह साझा किया। अभिनेत्री ने कहा कि उनके लिए यह परीक्षा के नतीजे का इंतजार करने जैसा है।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की विरासत को अब समृद्धि और शहजादा धामी आगे बढ़ाएंगे। दर्शकों को हाल में शो की एक मनमोहक झलक मिली, जिसमें समृद्धि (अभिरा), शहजादा धामी (अरमान), प्रतीक्षा होनमुखे (रूही) और शिवम खजुरिया (रोहित) का परिचय दिया गया है।
प्रोमो में एक कहानी में मोड़ दिखाया गया है, जहां अभिरा और अरमान शादी कर लेते हैं, हालांकि अरमान रूही से प्यार करता है, जिसकी शादी अरमान के भाई रोहित से हो जाती है। अभिरा, अरमान, रूही और रोहित के जीवन की कहानी को देखना दिलचस्प होगा।
उसी के बारे में बात करते हुए समृद्धि ने कहा, “मैं एक ही समय में अत्यधिक उत्साहित और घबराई हुई हूं। यह परीक्षा के नतीजों का इंतजार करने जैसा है। हमें उम्मीद है कि हम दर्शकों के लिए जो कुछ भी ला रहे हैं, उसे प्यार और सराहना प्राप्त होगी।”
उन्होंने कहा, “अभिरा अपनी मां को लेकर पजेसिव है, जो उसकी दुनिया है, लेकिन साथ ही अक्षरा, अभिरा की ताकत है। जब आप किसी से प्यार करते हैं तो वह आपकी सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी बन जाता है। हर गुजरते एपिसोड के साथ शो में ये देखने को मिलेगा। अभिरा बहुत आवेगी लेकिन आपको उससे प्यार हो जाएगा।”
अभिनेत्री ने आगे कहा, “सभी ने अपना खून-पसीना बहाया है, जिससे ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ दर्शकों का सबसे पसंदीदा शो बन गया है। हम सभी ने शो के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और हमें उम्मीद है कि दर्शक हमारे और शो के प्रति अपना प्यार बरसाएंगे।” यह स्टार प्लस पर प्रसारित होगा।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News