पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी उपायुक्तों को राज्य के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी करने सम्बन्धी सरकारी आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खि़लाफ़ तुरंत सख़्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
श्री बैंस ने मंगलवार को यहां बताया कि कड़ाके की ठंड और धुंध के कारण विद्यार्थियों और अध्यापकों की सेहत सुरक्षा के मद्देनज़र सरकार ने आठ जनवरी तक राज्य के सभी स्कूलों में की गयी छुट्टियों के आदेश जारी किये थे। कुछ प्राइवेट स्कूलों के खि़लाफ़ शिकायतें मिलीं हैं कि वे सरकार के आदेशों का उल्लंघन करके स्कूल चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनको रोपड़ जिले के एक प्राइवेट स्कूल के खुलने सम्बन्धी शिकायत मिली थी, जिस पर कार्यवाही करते हुये सम्बन्धित प्राइवेट स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार के आदेशों को यथावत लागू करवाने के लिए सभी उपायुक्तों को आदेश दिए हैं कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूल के खि़लाफ़ तुरंत सख़्त कार्रवाई अमल में लाई जाये।
श्री बैंस ने कहा कि सरकार के आदेश सभी स्कूलों पर लागू होंगे ।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News