रिलायंस के हैमलीज ब्रांड ने कुवैत में खोला पहला स्टोर, जीसीसी में कुल स्टोर हुए 9

रिलायंस रिटेल के विश्वविख्यात खिलौना ब्रांड हैमलीज ने अब कुवैत में भी अपने पंख फैला दिए हैं। मशहूर एवेन्यूज मॉल’ में 1,170 वर्ग मीटर में फैला यह स्टोर, कुवैत में हैमलीज का पहला और गल्फ कॉपरेशन काउंसिल (GCC) क्षेत्र में नौवां स्टोर है। इससे पहले ब्रांड यूएई और कतर जैसे देशों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवा चुका है। वर्तमान में हैमलीज के दुनिया भर के 13 देशों में कुल 187 स्टोर्स हैं।

इस स्टोर को खासतौर पर सभी आयु वर्ग के बच्चों के लिए डिजाइन किया गया है। यहां 100 से अधिक नामचीन ब्रांड्स के 10,000 से भी ज्यादा खिलौने उपलब्ध होंगे, जिनमें LEGO, Barbie, Hot Wheels, Marvel, Build-A-Bear, Bandai और Candyliscious जैसे बड़े नाम शामिल हैं। स्टोर में बच्चों के लिए एक अनोखा Rally’s रेस ट्रैक’ भी उपलब्ध है, जो उनकी रेसिंग के शौक को रोमांचक अनुभव में बदल देगा।

हैमलीज ग्लोबल के सीईओ सुमीत यादव ने इस अवसर पर कहा:
हम कुवैत में अपने पहले स्टोर के लॉन्च को लेकर बेहद उत्साहित हैं। ‘एवेन्यूज़’ जैसे प्रतिष्ठित मॉल में उपस्थिति दर्ज कराना हमारे लिए एक अहम और उत्सव भरा पल है। हैमलीज जहां भी गया, वहां उसे बच्चों और परिवारों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। हमें पूरा भरोसा है कि कुवैत सिटी भी हमें खुले दिल से अपनाएगा। हमारा उद्देश्य GCC क्षेत्र में लगातार विस्तार करना है।”

यह नया स्टोर मिडिल ईस्ट रिटेल ग्रुप के साथ एक रणनीतिक साझेदारी के तहत शुरू किया गया है।
मिडिल ईस्ट रिटेल कंपनी के सीईओ नबील दाउद ने कहा:
कुवैत में हैमलीज का आना हमारे लिए गर्व का विषय है। यहां के कई परिवार पहले से ही विदेशों में हैमलीज के अनुभव से जुड़े हैं। अब यह ब्रांड उनके अपने शहर में उपलब्ध है। हमारी भूमिका सिर्फ इतनी है कि हम उन्हें यह अनुभव उनके घर के करीब पहुंचा सकें।”

स्टोर उद्घाटन समारोह के दौरान कई आकर्षक गतिविधियाँ आयोजित की गईं—एक जीवंत परेड, पारंपरिक घंटी बजाकर उद्घाटन, और बच्चों के चहेते किरदारों की शानदार प्रस्तुतियां—जिन्होंने माहौल को रंगीन और यादगार बना दिया।