बूंदी (एजेंसी/वार्ता): कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सुबह करीब छह बजे बूंदी जिले में अपनी यात्रा कापरेन के नजदीक बलदेवपुरा से शुरू की। राहुल गांधी अपनी भारत यात्रा के साथ रवाना हुए तब कुछ अंधेरा होने के बावजूद उनका स्वागत करने के लिए लालसोट मेगा हाईवे पर लोग जुटने लगे।
सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण जिनमें महिलाएं और युवक-युवतियां भी जिस समय राहुल गांधी वहां से गुजर रहे थे तो वे उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। उन्होंने हाथ हिलाकर राहुल गांधी का अभिनंदन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस काफिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश के साथ शामिल हुए और राहुल गांधी से कुछ पीछे चल रहे थे। उनके साथ कदमताल मिलाते हुये हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता चल रहे थे। कुछ दूरी का सफर करने के बाद सेवादल का नया कार्यकर्ता पहले से चल रहे कार्यकर्ता के पास पहुंच जाता था और राष्ट्रीय ध्वज को सैल्यूट करके अपने हाथ में थाम कर आगे की ओर बढ़ रहा था और बदल-बदल कर यह सिलसिला लगातार चलता ही जा रहा था। यात्रा में श्री राहुल गांधी ने कुछ मौकों पर युवाओं को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की।
कुछ युवतियां 4-5 के समूह में राहुल गांधी के पास पहुंची औरउनसे बात की उनके साथ फोटो खिंचवाये। रास्ते में एक महिला भीमराव अम्बेडकर का चित्र लेकर राहुल गांधी के पास पहुंची जो यह चित्र उनको भेंट करना चाहा। करीब दो किलोमीटर के सफर के बाद कुछ किसान राहुल गांधी के पास आए और उन्होंने किसानों की समस्याओं के बारे में राहुल गांधी से बातचीत करते हुए उन्हें हालात से अवगत कराया। उनके हाथों में कुछ कागजात भी थे जिन्हें उन्होंने राहुल गांधी को दिखाया भी। राहुल गांधी ने कुछ देर तक उनकी बातों को गौर से सुना और उनसे बात की।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं । इस दौरान श्री डोटासरा ने भी किसानों की बात सुनी। इसके पहले श्री राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा में उनके साथ चल रहे काफिले ने कोड़क्या गांव के पास बाजदली रेलवे फाटक के नजदीक बनाए गए विश्राम स्थल पर रात्रि विश्राम किया।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: बिहार के कैमूर में 297 कार्टन विदेशी शराब के साथ दो लोग गिरफ्तार
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News