जयपुर (एजेंसी/वार्ता): राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि भाजपा की जन आक्रोश रथयात्रा अभियान की सार्थकता तभी सार्थक होगी जब प्रदेश की जनता हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के साथ मजबूती से खडी होगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य में वर्ष 2023 और वर्ष 2024 में केन्द्र में प्रचण्ड बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी।
डॉ. पूनियां सीकर और नागौर में जन आक्रोश रथयात्रा कार्यक्रमों में ग्राम चौपालों और रात्रि चौपालों को संबोधित करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी हिंदुत्व के लिए जीते हैं, भाजपा की जन आक्रोश यात्रा की सार्थकता तभी सार्थक होगी, जब फतेहपुर से लेकर पूरे राजस्थान की जनता हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के साथ मजबूती से खडी होगी और श्री मोदी के हाथ मजबूत होंगे।
उन्होंने सीकर जिले के फतेहपुर-शेखावाटी के कारंगा गांव में जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में क्वालिटी का शहद उत्पादन करने वाला भारत एकमात्र देश है, इस समय बडी संख्या में किसान इसको प्रोफेशन के रूप में अपना रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से किसान, युवा सहित सभी वर्ग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिससे देश का स्वाभिमान बढा है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के स्वाभिमानी नेतृत्व से कार्यकर्ताओं को निश्चित रूप से ताकत मिलना स्वाभाविक ही है, हाल में उनके नेतृत्व में गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है और अब राजस्थान में जनमानस पूरे तरीके से 2023 में भाजपा की सरकार बनाने को तैयार है और पूरे प्रदेश में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को शानदार जन समर्थन मिल रहा है।
डा पूनियां ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान यात्रा पर हैं, क्या उनको यहां कदम रखने से पहले स्वयं द्वारा राजस्थान के किसानों से वर्ष 2018 में किए गए किसान कर्जमाफी के वादे को पूरा नहीं करना चाहिए। बिगड़ी कानून व्यवस्था, अवैध खनन, पेपर लीक, बहन-बेटियों के खिलाफ अत्याचार, भ्रष्टाचार, किसानों-युवाओं से वादाखिलाफी, तुष्टिकरण, यह हकीकत कांग्रेस शासन में राजस्थान की है, क्या राहुल गांधी इन मामलों पर संज्ञान लेंगे।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि हनुमानगढ़ में सरेआम व्यापारी पर फायरिंग की जाती है और पिछने दिनों सीकर में एक बेटी के सामने उनके पिता की हत्या कर दी जाती है, प्रदेश में बदमाश, माफिया और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी के संज्ञान में नहीं है कि गहलोत सरकार के शासन में तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर है, उदयपुर में कन्हैयालाल साहू की हत्या कर दी जाती है, उसके बाद भी बहुसंख्यकों पर निरंतर अत्याचार होते रहे, लेकिन ना मुख्यमंत्री ने बहुसंख्यकों की सुरक्षा की चिंता की और ना आपने मुख्यमंत्री को कहने की हिम्मत दिखाई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन में सरेआम बहुसंख्यकों को प्रताड़ित किया जा रहा है और मुख्यमंत्री वोटबैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: राजस्थान: अजमेर में प्रत्येक उपखंड का एक फीडर बनेगा आदर्श- एन एस निर्वाण
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News