कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा आगामी रविवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होंगी और फतेहपुर सीकरी तक इस यात्रा में साथ रहेंगी।
पार्टी के अनुसार, प्रियंका गांधी मुरादाबाद से यात्रा के साथ जुड़ेंगी और फिर अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस तथा आगरा होते हुए फतेहपुर सीकरी तक साथ रहेंगी।
प्रियंका गांधी को चंदौली से ही इस यात्रा में शामिल होना था, लेकिन अस्वस्थ होने के चलते वह इसमें शामिल नहीं हो सकीं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आगरा में राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में शामिल होने वाले हैं।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी। कांग्रेस उत्तर प्रदेश की कुल 80 सीटों में से 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बुधवार को कानपुर में थी, जबकि 22 और 23 फ़रवरी को यात्रा में विराम है।
यह यात्रा 24 फ़रवरी की सुबह मुरादाबाद से फ़िर शुरू होगी। उसके बाद अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस, और आगरा जिलों से गुजरते हुए यात्रा राजस्थान के धौलपुर में रुकेगी।
इसके बाद 26 फ़रवरी से एक मार्च तक यात्रा में विराम होगा ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान दे सकें और नई दिल्ली में होने वाली पार्टी की कुछ महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल हो सकें।
इस विराम के बाद दो मार्च को अपराह्न दो बजे धौलपुर से एक बार फिर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होगी। इसके बाद यह मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन-सहित मध्यप्रदेश के अन्य ज़िलों से गुजरेगी।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को मणिपुर से आरंभ हुई थी। अगले महीने मुंबई में इसका समापन होना है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News