राजस्थान के खेतड़ी में विरासत दिवस उत्सव पर निकाली प्रभात फेरी

झुंझुनू (एजेंसी/वार्ता): राजस्थान में झुंझुनूं जिले के खेतड़ी कस्बे में विरासत दिवस उत्सव पर आज प्रभात फेरी का शुभारंभ किया गया। मिशन के सचिव स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रामकृष्ण मिशन परिसर से कस्बे के लिए रवाना किया। स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने बताया कि विरासत दिवस का खेतड़ी से गहरा संबंध रहा है। जब 12 दिसंबर 1897 में स्वामी विवेकानंद शिकागो में आयोजित हुए धर्म सम्मेलन में सनातन धर्म एवं संस्कृति का परचम लहरा कर वापस खेतड़ी लौटें तो उनके प्रिय मित्र राजा अजीत सिंह ने ऐतिहासिक रूप से उनका स्वागत किया था।

स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म सम्मेलन में भाग लेने का पूरा प्रबंध खेतड़ी विरासत के राजा अजीत सिंह की ओर से ही किया गया था। राजा अजीत सिंह स्वामी विवेकानंद के मित्र थे। राजा अजीत सिंह के बुलावे पर स्वामी विवेकानंद तीन बार खेतड़ी आये थे जहां उनका भव्य रूप से स्वागत किया गया था।

इस मौके अजीत विवेक संग्रहालय से शुरू हुई प्रभात फेरी कस्बे के बस स्टैंड, मुख्य बाजार, करोल बाग, श्याम मंदिर, अजीत अस्पताल, एसडीएम कोर्ट से होते हुए वापस अजीत विवेक संग्रहालय परिसर पहुंची जहां प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। कस्बे में निकाली गई प्रभात फेरी का कस्बे वासियों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।

-एजेंसी/वार्ता

यह भी पढ़े: नवाजउद्दीन सिद्दिकी ने शाहरूख और सलमान के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया

Leave a Reply