नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे और ‘बाल कीर्तनियों’ द्वारा प्रस्तुत शबद कीर्तन में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार दोपहर साढ़े 12 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग तीन सौ बाल कीर्तनियों द्वारा ‘शबद कीर्तन’ किया जाएगा।
पिछले वर्ष नौ जनवरी को श्रीगुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को श्रीगुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजाद बाबा जोरावर सिंहजी और बाबा फतेह सिंहजी की शहादत की याद में ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में श्री मोदी दिल्ली में बच्चों के मार्च-पास्ट को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसमें लगभग तीन हजार बच्चे भाग लेंगे।
साहिबजादों के अनुकरणीय साहस की कहानी के बारे में नागरिकों, विशेष रूप से छोटे बच्चों को जागृत और शिक्षित करने के लिए सरकार पूरे देश में परिचर्चाओं और विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है। बयान के मुताबिक इस प्रयास में देश भर के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों, पेट्रोल पंपों, हवाईअड्डों आदि जैसे सार्वजनिक स्थलों पर डिजिटल प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: देश से नफरत मिटाने की जरुरत: राहुल गांधी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News