भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी के साथ बुधवार को उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित अपने पैतृक गांव ल्वाली पहुंचे। गांव में उन्होंने लोगों के साथ फोटो खिंचवाई और गोरखनाथ मंदिर में पूजा की। वहीं पैतृक घर की देहरी पर बैठ कर विश्राम किया।
धोनी अल्मोड़ा जिले की जैंती तहसील के ग्राम ल्वाली के मूल निवासी हैं। वर्ष 1970 में धोनी के पिता रांची जाकर बस गये थे। वर्तमान में उनके चाचा सहित अन्य लोग गांव में ही रहते हैं। हालांकि धोनी का जन्म झारखंड के रांची में हुआ। वह वहीं से क्रिकेट सीखे और देश के लिए खेले। इन दिनों धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी संग उत्तराखंड घूम रहे हैं। वह नैनीताल के कैंची धाम भी गए। उनके साथ उनके कई दोस्त भी हैं। मंगलवार सुबह 11:50 बजे इंडिगो एयर की फ्लाइट से वह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद वह नैनीताल रवाना हुए।
19 नवंबर को धोनी की पत्नी साक्षी का जन्मदिन है। माना जा रहा है कि जन्मदिन मनाने ही वह साक्षी संग देवभूमि उत्तराखंड आये हैं। धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी भी पोस्ट की है जिस पर लिखा है बर्थडे वीक। अल्मोड़ा स्थित अपने पैतृक गांव में धोनी ने ग्रामीणों संग फोटो भी खिंचवाई। सभी का बड़े प्रेम से अभिवादन स्वीकार किया। उनके आगमन पर ग्रामीणों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। सोशल मीडिया में वायरल सूचनाओं के अनुसार धोनी ने परिवार संग अपने कुल देवता गुरु गोरखनाथ जी के दर्शन भी किए।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News