आईपीएल 2025 सीज़न श्रेयस अय्यर के लिए बेहद यादगार साबित हुआ। हालांकि वह पंजाब किंग्स को पहली बार ट्रॉफी नहीं दिला पाए, लेकिन उनकी कप्तानी में टीम ने 11 साल बाद फाइनल में जगह बनाई। अय्यर की अगुवाई में पंजाब की टीम विपक्षी टीमों पर पूरी तरह हावी नजर आई।
कप्तानी के साथ-साथ अय्यर का बल्ला भी जमकर बोला। उन्होंने पंजाब की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाए और पूरे सीजन में 17 मैचों में कुल 604 रन ठोके। उनके शानदार प्रदर्शन के बाद अब माना जा रहा है कि वह टीम इंडिया की कप्तानी की रेस में शामिल हो चुके हैं।
टीम इंडिया के अगले कप्तान?
आईपीएल और वनडे क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे अय्यर के लिए अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े मौके दरवाज़ा खटखटा रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर ने बतौर कप्तान हर किसी को प्रभावित किया है। एक बीसीसीआई अधिकारी ने बताया, “अभी अय्यर केवल वनडे खेलते हैं, लेकिन आईपीएल के बाद उन्हें टी-20 और यहां तक कि टेस्ट टीम से भी बाहर नहीं रखा जा सकता। वह व्हाइट बॉल कैप्टेंसी की रेस में आ चुके हैं।”
गौरतलब है कि इस समय टी-20 टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के पास है, जबकि वनडे की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं।
दो सीजन, दो धमाके
अय्यर का आईपीएल में प्रदर्शन लगातार दूसरे साल शानदार रहा है। 2024 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया था, और 2025 में पंजाब किंग्स ने उन पर भरोसा जताते हुए 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा और कप्तानी सौंपी। अय्यर ने इस भरोसे को पूरी तरह सही ठहराया और पंजाब को 11 साल बाद फाइनल तक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें:
एसी की हवा से हो सकता है बड़ा नुकसान: जानिए इसके गंभीर साइड इफेक्ट्स
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News