विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने रविवार शाम दीपावली पर्व के अवसर पर लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुभकामना संदेश दिया।
विदेश मंत्री और ब्रिटिश प्रधानमंत्री दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया नेटवर्क एक्स (पूर्व में ट्वीटर) पर इस मुलाकात की जानकारी दी और इसकी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। डाउनिंग स्ट्रीट पर हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं की पत्नियां भी उनके साथ उपस्थित थीं।
विदेश मंत्री जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि भारत और ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप पुनः ढालने के लिए आपस में मिलजुल कर सक्रिय रूप कार्य कर रहे हैं। श्री जयशंकर ने प्रधानमंत्री सुनक के निवास पर अपना और अपनी पत्नी का हृदय से स्वागत र करने के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री को साधुवाद दिया।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस मुलाकात के संबंध में जारी पोस्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री सुनक ने डॉ एस जयशंकर का डाउनिंग स्ट्रीट पर आज शाम स्वागत किया और दोनों नेताओं ने पूरी दुनिया में प्रवास कर रहे भारतीय समुदाय के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। श्री सुनक ने अपने कार्यालय के इस पोस्ट को भी एक्स पर शेयर किया।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News