वैलेंसिया (एजेंसी/वार्ता): भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशन्स कप 2022 में चिली को 3-1 से हराकर अपने अभियान की ज़ोरदार शुरुआत की है। भारत के लिये संगीता कुमारी (तीसरा मिनट), सोनिका (11वां मिनट) और नवनीत कौर (32वां मिनट) ने गोल किये। चिली का एकमात्र गोल फर्नांडा विलाग्रन (44वां मिनट) की हॉकी से निकला। सविता पूनिया की टीम ने रविवार को खेले गये मुकाबले में पहले क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त बना ली।
मैच के तीसरे मिनट में अनुभवी फॉरवर्ड वंदना कटारिया ने दाईं ओर से गेंद को संगीता को पास किया, जिन्होंने गेंद को नेट में पहुंचाकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। भारत ने इस बढ़त की मदद से चिली के रक्षण पर दबाव बनाया। सोनिका ने सात मिनट बाद ही संगीता के असिस्ट को दिशा दिखाकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे क्वार्टर में कोई गोल न होने के बाद भारत की फॉरवर्ड पंक्ति ने तीसरे क्वार्टर की आक्रामक शुरुआत की।
नेहा गोयल ने 32वें मिनट में नवनीत को असिस्ट किया, जबकि नवनीत ने सफलतापूर्वक गोल करते हुए भारत की बढ़त को मजबूत कर दिया। भारतीय रक्षण ने 3-0 से आगे निकलने के बाद भी चिली को दबाव में रखा। विलाग्रन ने 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, हालांकि यह चिली की एकमात्र सफलता थी। आखिरी क्वार्टर में वंदना, संगीता और नवनीत ने भारत के लिये कई अवसर बनाये लेकिन चिली की गोलकीपर नैटली सैल्वाडोर ने उन्हें गोल करने की अनुमति नहीं दी और मैच 3-1 पर ही समाप्त हुआ। भारत का अगला मुकाबला सोमवार को शाम 7:45 बजे जापान से होगा।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: फीफा विश्व कप 2022: अभेद्य रक्षण है विश्व कप में मोरक्को की सफलता का राज़
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News