दुबई (एजेंसी/वार्ता): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच के लिये इस्तेमाल की गयी गाबा की पिच को “औसत से नीचे” की श्रेणी में रखा है।
आईसीसी के आधिकारिक रेफरी रिची रिचर्डसन ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, “गाबा की पिच गेंदबाजों के लिये जरूरत से ज्यादा मददगार थी। वहां काफी ज्यादा उछाल था और गेंद अपेक्षा से अधिक स्विंग हो रही थी। मैच के दूसरे दिन कुछ गेंदें निचे भी रहीं जिसने बल्लेबाजों के लिये परिस्थितियों को मुश्किल बना दिया।”
गौरतलब है कि गाबा टेस्ट सिर्फ दो दिन में ही नतीजे तक पहुंच गया था। पूरे मैच के दौरान केवल 866 गेंदें फेंकी गयीं, जो इसे ऑस्ट्रेलिया में खेला गया दूसरा सबसे छोटा टेस्ट बना देता है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने मैच के बाद कहा था कि यह पिच गेंदबाजों के लिये आवश्यकता से अधिक मददगार है।
रिचर्डसन ने कहा, “मैंने आईसीसी दिशानिर्देशों के अनुसार इस पिच को औसत से नीचे की श्रेणी में पाया क्योंकि इस पर बल्ले और गेंद के बीच बराबरी का मुकाबला नहीं था।” ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जायेगा।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: नीरज भंडारी बने दिल्ली फुटबॉल टीम के कप्तान
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News