बूंदी (एजेंसी/वार्ता): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बहुत बड़ा धक्का बताते हुए कहा है कि यह कांग्रेस के लिए बूस्टर डोज की तरह है। रमेश ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रेस वार्ता में आज यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हालांकि गुजरात के चुनाव परिणाम कांग्रेस के लिए निराशाजनक रहे हैं लेकिन हिमाचल प्रदेश में तो कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वहां दस चुनाव रैलियां की। उनके अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश के हैं। केंद्रीय सुचना एवं प्रसारण मंत्री वहीं के हैं। वे सब चुनाव में लगे हुए थे फिर भी राज्य में “डबल इंजन सरकार” पटरी से उतर गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का नतीजा कांग्रेस के लिए बूस्टर डोज़ की तरह है।
उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल हमे इतनी सीटें नहीं दे रहा था और कुछ एक्जिट पोल दे रहे थे वे कांटे की टक्कर बता रहे थे लेकिन परिणाम इनके उलट हमें स्पष्ट बहुमत मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सब लोग एकजुट हैं और वे सब मिलकर भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में लगे हैं।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: इसरो ने हाइपरसोनिक वाहन का किया सफलतापूर्वक परीक्षण
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News