हेज़लवुड का कहर, बारबाडोस में बिखरा वेस्टइंडीज

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए चक्र की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने बेहद दमदार अंदाज में की। जोश हेज़लवुड की कहर बरपाती गेंदबाज़ी की बदौलत कंगारुओं ने वेस्टइंडीज को 159 रनों से करारी शिकस्त दी। टेस्ट मैच का तीसरा ही दिन था, और ऑस्ट्रेलिया ने अपनी जीत दर्ज कर ली।

हेज़लवुड ने फूंकी जीत की आग
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। मिशेल स्टार्क ने पूर्व कप्तान क्रैग ब्रैथवेट को जल्दी पवेलियन भेजा। इसके बाद जोश हेज़लवुड ने गज़ब की गेंदबाज़ी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।

उन्होंने पहले जॉन कैम्पबेल और ब्रैंडन किंग को लगातार गेंदों पर आउट कर वेस्टइंडीज को 3 विकेट पर 47 रनों पर ला दिया। फिर रोस्टन चेज और कीसी कार्टी को भी चलता कर दिया, और स्कोर हो गया 56 पर 5 विकेट।

100 के अंदर 8 विकेट ढेर
कप्तान पैट कमिंस ने शाई होप को क्लीन बोल्ड कर झटका दिया। फिर मार्नस लैबुशेन ने शानदार फील्डिंग करते हुए अल्जारी जोसेफ को रन आउट किया। हेज़लवुड ने जोमेल वारिकन को विकेट के पीछे कैच करवा कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। वेस्टइंडीज की हालत इतनी खराब हो गई कि महज 86 रन पर 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।

जोसेफ-ग्रीव्स ने किया थोड़ा संघर्ष
हालांकि, शमर जोसेफ ने बल्ले से दम दिखाते हुए 22 गेंदों में 44 रन बनाए और जस्टिन ग्रीव्स के साथ नौवें विकेट के लिए 55 रन जोड़े। ग्रीव्स ने 53 गेंदों में 38 रन बनाए। लेकिन जीत दूर नहीं थी…

नाथन लियोन ने लगाया जीत पर मुहर
नाथन लियोन ने जोसेफ और जेडन सील्स को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी का अंत किया और ऑस्ट्रेलिया की 159 रनों से बड़ी जीत सुनिश्चित की।

गाबा का बदला पूरा
पिछले साल गाबा में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 27 साल बाद घर में हराया था। अब ऑस्ट्रेलिया ने उसी टीम से हार का हिसाब बराबर कर लिया और टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में की।

यह भी पढ़ें:

केला खाने के बाद भूलकर भी न खाएं ये चीजें, वरना हो सकती है सेहत को भारी नुकसान