महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण के मुद्दे पर जारी आंदोलन के मद्देनजर राज्यपाल रमेश बैस ने सोमवार देररात मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को राजभवन बुलाकर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर हालात पर नियंत्रण रखने का निर्देश दिया है। अगर हिंसा नहीं रुकती तो आज (मंगलवार) कई जिलों में कर्फ्यू लगाया जा सकता है।
आंदोलनकारियों ने सोमवार दिनभर बीड़, जालना, छत्रपति संभाजी नगर, हिंगोली, नासिक आदि जिलों में नेताओं के घर और कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्यपाल रमेश बैस ने सोमवार शाम मुख्यमंत्री को राजभवन पर तलब किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देररात राजभवन गए। दोनों के बीच करीब 40 मिनट तक चर्चा हुई। कल मुख्यमंत्री ने कहा था कि वे मराठा समाज को आरक्षण देने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें कुछ वक्त चाहिए। फिर भी मराठा नेता मनोज जारांगे हठधर्मिता पर आमादा हैं।
मराठा आंदोलनकारियों ने समृद्धि हाइवे सहित कई जगह यातायात रोका। जालना के बदनापुर में ट्रेन रोकने का भी प्रयास किया था। आज शिंदे सभी जिलाधिकारियों और जिला पुलिस अधीक्षकों से चर्चा करने वाले हैं । साथ ही आज होने वाली कैबिनेट की बैठक में मराठा आरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News