श्रीगंगानगर (एजेंसी/वार्ता) राजस्थान के श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ की संगम विहार कॉलोनी में बाथरूम में नहाते समय गैस गीजर से दम घुटने से एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि संगम विहार में एक मकान में ऊपर वाले पोर्शन में किराए पर रहने वाले इंद्राज सुथार की पत्नी पुष्पा 30 वर्ष की कल शाम को बाथरूम में नहाते समय गैस से दम घुट जाने से मौत हो गई।
पुष्पा नहाने के लिए बाथरूम में गई थी। उसका 6 वर्षीय बेटा मयंक तब खेल रहा था। लगभग 2 घंटे बात भी पुष्पा बाथरूम से नहीं आई तो मयंक रोने लगा। वह रोते हुए सीढ़ियों से नीचे आ गया। मकान मालकिन ने पूछा मयंक ने बताया कि मम्मी बाथरूम का गेट नहीं खोल रही।
इस पर मकान मालकिन ने अड़ोस पड़ोस के दो-तीन व्यक्तियों को बुलाया। उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो बाथरूम की कुंडी अंदर से बंद थी। बार-बार खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। पीछे की तरफ एक खिडकी थी, जिस पर कांच लगा हुआ था।
उसमें से देखने पर पुष्पा फर्श पर अचेत पड़ी दिखाई दी। तब बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया गया। पुष्पा को तुरंत ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने चेकअप किया तो पुष्पा की मौत हो चुकी थी। बाथरूम में एलपीजी गैस वाला गीजर लगा हुआ था। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण गीजर गैस से दम घुट जाना माना जा रहा है।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: सोनिया गांधी भी हो सकती है भारत जोड़ो यात्रा में शामिल
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News