अल्मोड़ा/नैनीताल (एजेंसी/वार्ता) उत्तराखंड के बागेश्वर में शनिवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गयीं जब बारात में शामिल कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे दुल्हे के निकटतम चार परिजनों की मौत हो गयी जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों में दुल्हा का पिता, भाभी, दीदी व भतीजा बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बागेश्वर जनपद के मटेला गांव से एक बारात पिथौरागढ़ के शेराघाट गयी थी।
बारात आज सुबह दुल्हन को लेकर वापस लौट रही थी। इस दौरान अल्मोड़ा के धौलछीना बखरिया जमरानी के नौगांव के पास बारात में शामिल फोर्ड फिएस्टा कार संख्या यूके 18 एच 6578 दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गयी।
बताया जा रहा है कि इस कार में दुल्हा के पिता जयंत सिंह, भाई मंगल सिंह, भाभी अनीता व दीदी सीमा के अलावा भतीजा समर, भतीजी अक्षिता व एक अन्य योगिता समेत कुल सात लोग सवार थे। जिसमें दुल्हा के पिता जयंत सिंह (65), भाभी अनीता (32), दीदी सीमा (36) व भतीजा समर की दर्दनाक मौत हो गयी। बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना इतनी वीभत्स थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण व बाराती मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य चलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस व आपातकालीन सेवा 108 को भी सूचना दे दी। कुछ समय बाद एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन बल के जवान, राजस्व पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहंुची और राहत व बचाव कार्य चलाया गया।
चार की मौके पर मौत हो गयी थी। घायलों को तत्काल अल्मोड़ा के बेस अस्पताल ले जाया गया। एसडीएम सदर गोपाल सिंह, सीओ विमल प्रसाद व दन्या के थानाध्यक्ष सुशील कुमार खुद मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरने के साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद दुल्हा व दुल्हन के परिवारों में मातम पसर गया है। अल्मोड़ा पुलिस के अनुसार संभवतः दुर्घटना नींद की झपकी आने के चलते हुई है।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर है :जोबा माँझी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News