फ्लिपकार्ट ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) फ्लीट का विस्तार करते हुए इसे 20,000 से अधिक वाहनों तक पहुंचा दिया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना है। यह 2030 तक 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक लास्ट-माइल फ्लीट के कंपनी के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रगति पर्यावरण के अनुकूल लॉजिस्टिक्स में कंपनी के सतत निवेश और ईवी इकोसिस्टम में पार्टनर्स के साथ मजबूत गठजोड़ को दर्शाती है।
इलेक्ट्रिक फ्लीट के माध्यम से दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और लखनऊ समेत मेट्रो एवं टियर-2 शहरों में डिलीवरी की जा रही है। इससे क्लाइमेट ग्रुप की ईवी100 पहल को लेकर फ्लिपकार्ट की प्रतिबद्धता को मजबूती मिली है। इस विस्तार के साथ-साथ फ्लिपकार्ट ने ईवी को बढ़ावा देने के लिए कई अन्य प्रोग्राम भी शुरू किए हैं। इनमें लंबी दूरी के इलेक्ट्रिक ट्रकों की पायलट परियोजना, देशभर में रोडशो, डिलीवरी पार्टनर्स के लिए डिजिटल ट्रेनिंग और ईवी अपनाने की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए डाटा-आधारित अप्रोच अपनाने जैसे कदम शामिल हैं।
अभी फ्लिपकार्ट प्लेटफॉर्म पर 70 प्रतिशत से अधिक ग्रॉसरी डिलीवरी ईवी के माध्यम से हो रही है। इससे हाई-डेंसिटी, हाई-फ्रिक्वेंसी लॉजिस्टिक्स के मामले में ईवी की विश्वसनीयता को मजबूती मिली है, साथ ही प्लेटफॉर्म का ऑपरेशनल कार्बन फुटप्रिंट भी कम हुआ है।
फ्लिपकार्ट ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और मिनट्स एंड सप्लाई चेन, कस्टमर एक्सपीरियंस एंड रीकॉमर्स हेड हेमंत बद्री ने कहा, ‘हमें 20,000 ईवी की मजबूत लास्ट-माइल फ्लीट होने पर गर्व का अनुभव हो रहा है। फ्लिपकार्ट में हम भविष्य के लिए तैयार कदम उठाते हैं। पर्यावरण के अनुकूल सप्लाई चेन का अर्थ है हर कदम पर इनोवेशन को अपनाना। लंबी दूरी के लिए इलेक्ट्रिक ट्रक पायलट प्रोग्राम इस दिशा में हमारा अगला पड़ाव है। हम भविष्य को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहे हैं और यह साबित कर रहे हैं कि फुलफिलमेंट सेंटर से लेकर ग्राहकों के दरवाजे तक 100 प्रतिशत विद्युतीकरण संभव है।’
फ्लिपकार्ट के हेड ऑफ सस्टेनेबिलिटी निशांत गुप्ता ने कहा, ‘ऑल-इलेक्ट्रिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क की दिशा में हमारा सफर विस्तार एवं आधार, दोनों पर केंद्रित है। ईवी फ्लीट को बढ़ाना महत्वपूर्ण है और हमारा मानना है कि असल प्रगति एक ऐसा इकोसिस्टम बनाने में है, जिसे लंबे समय के लिए अपनाया जा सके। हम अपने विशमास्टर्स को व्यावहारिक ज्ञान से सशक्त बनाने से लेकर उद्योग साझेदारों के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोडक्ट डिज़ाइन पर सहयोग तक, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य ईवी अपनाने में आने वाली वास्तविक बाधाओं को दूर करना और एक समावेशी एवं दीर्घकालिक परिवर्तन को आगे बढ़ाना है। जैसे-जैसे यह बदलाव गति ले रहा है, हमारी जिम्मेदारी है कि इसमें सभी को समान अवसर मिले, सभी के लिए पहुंच आसान हो और सभी संबंधित पक्षों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए।’
गोल्डन एयरो लॉजिस्टिक्स के साथ साझेदारी में लंबी दूरी की लॉजिस्टिक्स के लिए पायलट प्रोग्राम लॉन्च किया गया है। यह पायलट प्रोग्राम लास्ट-माइल डिलीवरी से आगे बढ़ते हुए लंबी दूरी में ईवी की व्यावहारिकता को परखने के लिए है। पायलट प्रोग्राम को रेट्रोफिट किए गए कल्याणी इलेक्ट्रिक ट्रक के साथ दिल्ली-जयपुर कॉरिडोर पर शुरू किया गया है। पायलट प्रोग्राम को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे मध्यम-दूरी की माल ढुलाई में इलेक्ट्रिक ट्रकों की व्यावहारिकता का मूल्यांकन किया जा सके। इससे ईवी की परफॉर्मेंस, एनर्जी एफिशिएंसी और टर्नअराउंड टाइम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी।
अपने पूरे डिलीवरी नेटवर्क में जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए फ्लिपकार्ट ने ओईएम पार्टनर्स रिवॉल्ट और बजाज के साथ मिलकर देशव्यापी ईवी रोडशो लॉन्च किया है। विभिन्न शहरों में इस पहल के माध्यम से विशमास्टर्स को ईवी मॉडल्स को परखने, चार्जिंग के विकल्पों को समझने और बैटरी की परफॉर्मेंस एवं रेंज से जुड़े सवालों का जवाब पाने में मदद मिली है। इसके अतिरिक्त, फ्लिपकार्ट ने दिल्ली और मुंबई में ओईएम एवं लास्ट माइल एजेंसियों (एलएमए) को कनेक्ट करने की भी पहल की। इसके माध्यम से मैन्यूफैक्चरर्स, फ्लीट ऑपरेटर्स एवं सर्विस प्रोवाइडर्स को इन्फ्रास्ट्रक्चर, फाइनेंसिंग एवं व्हीकल रेडिनेस को लेकर ओपन एवं सॉल्यूशन आधारित विमर्श का मौका मिला। इससे इकोसिस्टम में मजबूत संबंधों एवं भविष्य की प्रतिबद्धताओं की नींव पड़ी।
ईवी ट्रांजिशन की दिशा में वर्कफोर्स का सपोर्ट करने के लिए फ्लिपकार्ट ने विशमास्टर डिजिटल कैंपेन की शुरुआत भी की है। यह इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसे हर डिलीवरी पार्टनर को ईवी100 से संबंधित लक्ष्य, व्हीकल ऑपरेशन, चार्जिंग एवं सस्टेनेबिलिटी के फायदों के बारे में शिक्षित करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस कैंपेन के माध्यम से विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों एवं परिस्थितियों में ईवी की परफॉर्मेंस को लेकर व्याप्त भ्रमों को भी दूर किया गया। 5,410 से ज्यादा विशमास्टर्स पर फ्लिपकार्ट द्वारा किए गए सर्वेक्षण से सामने आया है कि ईवी को लेकर विशमास्टर्स की सोच में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इनमें से करीब आधे विशमास्टर्स ने ईवी को अपनाने की उत्सुकता दिखाई। हालांकि किफायती क्रेडिट तक पहुंच अभी भी सबसे बड़ी बाधा है।
इन कदमों से अपने परिचालन में सस्टेनेबिलिटी को इंटीग्रेट करने और क्लीन मोबिलिटी को लेकर पूरी इंडस्ट्री में गठजोड़ को बढ़ावा देने के फ्लिपकार्ट के प्रयासों की झलक दिखती है। कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और इकोसिस्टम रेडीनेस पर अपना फोकस बढ़ा रही है और इस दिशा में बढते हुए कंपनी ऐसे स्थायी और समावेशी समाधान देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनसे ग्रीनर सप्लाई चेन की ओर भारत के बढ़ते कदमों को समर्थन मिले।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News