प्रयागराज महाकुंभ के 14 दिन पूरे हो चुके हैं और इस दौरान 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। महाकुंभ 26 फरवरी तक चलने वाला है, जिसमें 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज के लिए चलाई हैं। वहीं, एयरलाइंस कंपनियां भी पीछे नहीं रही हैं और उन्होंने इस अवसर पर फ्लाइट सेवाओं में काफी वृद्धि की है।
प्रयागराज के लिए बढ़ी फ्लाइट सेवाएं
फिलहाल, देश के 17 शहरों से प्रयागराज के लिए रोजाना 132 फ्लाइट संचालित की जा रही हैं, जिनमें एक महीने में करीब 80 हजार पैसेंजर यात्रा कर सकते हैं। वहीं, आने वाले एक हफ्ते में फ्लाइट की संख्या 226 तक पहुंचने की संभावना है। अगर आप भी फ्लाइट के जरिए प्रयागराज पहुंचने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां आपके लिए जरूरी जानकारी है।
26 शहरों से फ्लाइट उपलब्ध
पिछले साल दिसंबर में प्रयागराज के लिए केवल 8 शहरों से फ्लाइट्स उपलब्ध थीं, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 26 शहरों से फ्लाइटों का कनेक्शन किया गया है। फिलहाल, देश के 17 शहरों से प्रयागराज के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्स और 26 शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट्स की सुविधा उपलब्ध है। इसमें श्रीनगर और विशाखापत्तनम जैसे शहरों से भी आप फ्लाइट बुक कर सकते हैं और महाकुंभ में स्नान करने के लिए प्रयागराज पहुंच सकते हैं।
एक दिन में रिकॉर्ड यात्री पहुंचे
प्रयागराज हवाई अड्डे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी को एक दिन में 5000 पैसेंजर हवाई जहाज से प्रयागराज पहुंचे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पिछले एक हफ्ते में कुल 30,172 पैसेंजर 226 फ्लाइट्स के माध्यम से प्रयागराज पहुंचे हैं। इसके साथ ही डीजीसीए (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) फरवरी में फ्लाइट सीट्स की संख्या 80 हजार से बढ़ाकर 1.23 लाख करने वाला है।
अकासा और स्पाइसजेट ने शुरू की नई उड़ानें
महाकुंभ के लिए बढ़ती फ्लाइट मांग को देखते हुए अकासा एयर ने 29 जनवरी से अहमदाबाद और बेंगलुरु से प्रयागराज के लिए उड़ानें शुरू करने का फैसला लिया है। वहीं, स्पाइसजेट ने भी दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी, बैंगलोर, अहमदाबाद, मुंबई, जयपुर, और हैदराबाद से प्रयागराज के लिए फ्लाइट्स शुरू करने का ऐलान किया है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने डीजीसीए और एयरलाइंस कंपनियों से यात्रियों को समायोजित करने के लिए पर्याप्त क्षमता सुनिश्चित करने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें:
भारतीय टीम का स्क्वॉड जारी: बुमराह की जगह मिलेगा यह युवा तेज गेंदबाज
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News