गांधीनगर (एजेंसी/वार्ता) गुजरात विधानसभा के लिए पहले चरण में सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण गुजरात के 19 जिलों की 89 सीटों पर गुरूवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही कई स्थानों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। एक महिला ने बताया कि पहले मतदान फिर घर काम, वृद्ध पति-पत्नी ने कहा हम तो वर्षों से सबसे पहले मतदान करने आते हैं।
उत्साह से भरे वृद्धों, महिलाओं एवं युवा पहले मतदान करने के लिए सुबह आठ बजे से पहले ही कतार में लगे दिखाई दिए। कांग्रेस नेता परेश धानानी साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर मतदान करने आए। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने मतदान से पहले मंदिर में दर्शन किए। क्रिकेटर रविंद्र जाडेजा की पत्नी रीवाबा जाडेजा ने मतदान किया।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल नवसारी में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। गुजरात के मंत्री पूर्णेश मोदी ने सूरत में, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत में और पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी राजकोट से आठ से नौ बजे के बीच मतदान किया।
उल्लेखनीय है कि पिछली बार पाटीदार, दलित आंदोलन और किसानों के गुस्से के कारण भाजपा को सौराष्ट्र-कच्छ में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा था। लेकिन दक्षिण गुजरात में भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की थी। भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भी इस बार अपनी पूरी ताकत झोंक दी और मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से दो बदमाश घायल
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News