हिंदी सिनेमा के दमदार कलाकारों के बारे में जिक्र किया जाए तो उसमें पंकज त्रिपाठी का नाम जरूर शामिल होगा। हाल ही में सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्म ओह माय गॉड 2 में अपनी शानदार अदाकारी का जलवा दिखाने वाले पंकज आने वाले समय में कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इस बीच पंकज त्रिपाठी की अपकमिंग फिल्म कड़क सिंह का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया है।
इस पोस्टर के सामने आने के बाद पंकज त्रिपाठी का नाम चर्चा का विषय बन गया है। बतौर अभिनेता पंकज त्रिपाठी हिंदी सिनेमा के वो कलाकार हैं, जो अपने अभिनय की शानदार छाप हर फिल्म में छोड़ते हैं। फैंस पंकज त्रिपाठी को फिल्मों में देखना काफी पसंद करते हैं फिर चाहे वो साइड रोल में हो या फिर लीड भूमिका में। अमेजन प्राइम वीडियो की पॉपुलर वेब सीरीजी मिर्जापुर से कालीन भइया के रूप में फैंस का दिल जीतने वाले पंकज आने वाले समय में फिल्म कड़क सिंह से धमाल मचाएंगे। इस मूवी का फर्स्ट लुक पोस्टर मेकर्स की तरफ से शेयर कर दिया गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने कड़क सिंह के इस लेटेस्ट पोस्टर को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया है। इस पोस्टर के कैप्शन में लिखा है- कहानियां कई लेकिन सच सिर्फ एक क्या कड़क सिंह झूठ की तलाश करने में सफल होगा।
पंकज त्रिपाठी के इस पोस्टर से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि कड़क सिंह एक सस्पेंस थ्रिलर होने वाली है। दरअसल फिल्म कड़क सिंह में एक्टर पंकज त्रिपाठी वित्तीय अपराध विभाग के ऑफिसर की भूमिका को निभा रहे हैं, जिसका नाम एके श्रीवास्तव है। इस फिल्म में पंकज तमाम घोटालों का पर्दाफाश करते हुए नजर आएंगे। मूवी कड़क सिंह का डायरेक्शन मशहूर निर्देशक अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने किया है। हालांकि अभी इस फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News