पीएम मोदी को सताया डर, बोले-भाजपा कार्यकर्ताओं पर जुल्म बढ़ेगा लेकिन हम लड़ेंगे

नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सफलता के लिए लाखों कार्यकर्ताओं को श्रेय देते हुए कहा कि जिस प्रकार से भाजपा को जनसमर्थन का ग्राफ बढ़ रहा है, वैसे वैसे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जुल्म की संभावना भी बढ़ रही है जिसका हम सेवा भाव के साथ मुकाबला करेंगे।

गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश की विधानसभाओं के चुनावों तथा विभिन्न राज्यों के उपचुनावों के परिणाम आने के बाद श्री मोदी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। मंच संचालन महासचिव तरुण चुघ ने किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव का संदेश यह भी है कि जनसामान्य में विकास की तीव्र आकांक्षा है और चुनौती के समय उन्हें सिर्फ भाजपा पर ही विश्वास है। भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा के संबोधन के पश्चात श्री मोदी ने अपने भाषण में जनता जर्नादन के प्रति आभार ज्ञापन किया। उन्होंने कहा, “मैं सबसे पहले जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं। जनता जनार्दन का आशीर्वाद अभिभूत करने वाला है।

जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उसकी खूशबू आज हम चारों तरफ अनुभव कर रहे हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि जब किसी भी सीट पर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ का प्रकटीकरण है। भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा हर सुविधा को प्रत्येक गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाना चाहती है। लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है।

गुजरात के परिणामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है। युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है। आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा, परखा और उस पर भरोसा किया है।

मोदी ने कहा, “गुजरात के नतीजों ने सिद्ध किया है कि सामान्य लोगों में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता का भरोसा भाजपा पर होता है। ” उन्हाेंने कहा कि हम विचार पर भी बल देते हैं और व्यवस्था को भी सबल बनाते रहते हैं। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की अथाह संगठन शक्ति पर भरोसा करके ही अपनी रणनीति बनाती है और सफल भी होती है।

उन्होंने कहा, “भाजपा आज जहां भी पहुंची है ऐसे ही नहीं पहुंची है।जनसंघ के जमाने से तपस्या करते हुए परिवार के परिवार खपते रहे, तब जाकर ये दल बना है, तब जाकर हम यहां पहुंचे हैं। भाजपा के लिए लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया।”

मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य एवं चुनावों के बारे में उन्होंने कहा, “देश का मतदाता आज इतना जागरूक है कि वह अपना हित और अहित जानता है। देश का मतदाता जानता है कि शॉर्टकट की राजनीति का कितना बड़ा नुकसान देश को उठाना होगा। कोई संशय नही कि देश समृद्ध होगा तो सबकी समृद्धि तय है।”

उन्होंने कहा कि इस जनादेश में एक और संदेश है और वो यह कि समाज के बीच दूरियां बढ़ाकर, राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी करके, जो राजनीतिक दल तत्कालिक लाभ लेने के फिराक में रहते हैं, उन्हें देश की जनता, देश की युवा पीढ़ी देख भी रही हैं और समझ भी रही हैं।

मोदी ने कहा कि गुजरात में दलितों एवं आदिवासियों (एससी/एसटी) की करीब 40 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 34 सीटें भाजपा ने जीती हैं। आज जनजातीय समाज भाजपा को अपनी आवाज मान रहा है, उनका जबरदस्त समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इस बदलाव को पूरे देश में महसूस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लगातार बढ़ते जनसमर्थन को देखते हुए विरोधियों द्वारा हताशा में हर प्रकार के हथकंडों से भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति जुल्म बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “हमें निरंतर इन जुल्मों के बीच आगे बढ़ना है। हमें अपनी सहनशक्ति और समझशक्ति को बढ़ाना है। हमें सेवाभाव का विस्तार भी करना है और सेवाभाव से ही जीतना है।”

-एजेंसी/वार्ता

यह भी पढ़े: ‘आप’ के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर केजरीवाल हुए खुश, बोले-गुजरात के लोगों का आभार

Leave a Reply