हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जितेंद्र ने जहां बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाई, वहीं उनकी बेटी एकता कपूर ने भी खुद को एक अलग मुकाम तक पहुंचाया है। भले ही एकता ने बतौर अभिनेत्री फिल्मों में काम नहीं किया, लेकिन पर्दे के पीछे रहकर उन्होंने टेलीविज़न की दुनिया में ‘टीवी क्वीन’ के तौर पर अपनी जगह बनाई।
अब एकता कपूर ने ओटीटी की दुनिया में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया के साथ हाथ मिलाया है। इस क्रिएटिव कोलैबोरेशन के जरिए अब भारतीय कहानियों को एक नए और इंटरनेशनल स्तर पर पेश किया जाएगा।
नेटफ्लिक्स और बालाजी टेलीफिल्म्स का नया सफर
नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस साझेदारी की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा –
“भारत से लेकर दुनिया तक… नेटफ्लिक्स और एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स इंडियन कहानियों के एक नए युग के लिए एक क्रिएटिव कोलैबोरेशन में प्रवेश कर रही हैं।”
इस सहयोग से भारतीय कंटेंट को नए रंग और रूप में दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है।
एकता कपूर ने साझा की अपनी खुशी
इस नई शुरुआत को लेकर एकता कपूर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा,
“बालाजी टेलीफिल्म्स में कहानी कहना हमेशा हमारे काम का केंद्र रहा है — चाहे वो फिल्मों के ज़रिए हो, टीवी के माध्यम से या डिजिटल प्लेटफॉर्म से।”
एकता ने बताया कि नेटफ्लिक्स जैसे ग्लोबल प्लेटफॉर्म के साथ जुड़कर अब कहानियों को नए और आकर्षक तरीके से दुनिया के सामने रखा जाएगा। उन्होंने इसे एक “बड़ा और रचनात्मक मोमेंट” बताया। यह भी उल्लेखनीय है कि एकता पहले भी नेटफ्लिक्स के साथ कुछ प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी हैं।
नेटफ्लिक्स इंडिया ने की एकता की तारीफ
नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल ने इस अवसर पर कहा,
“एकता कपूर भारतीय एंटरटेनमेंट जगत की सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में से एक हैं। वह दो दशकों से भारतीय दर्शकों को दिलचस्प कहानियों से जोड़े हुए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अब नेटफ्लिक्स और बालाजी टेलीफिल्म्स मिलकर ऐसे शो और कहानियां लाएंगे, जो न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में दर्शकों को प्रभावित करेंगी।
यह भी पढ़ें:
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News