आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में पीठ दर्द आम समस्या बन गई है। घंटों कंप्यूटर पर बैठना, गलत मुद्रा में काम करना या भारी वजन उठाना, ये सभी कारण इसके पीछे हो सकते हैं। लेकिन चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पीठ का दर्द लगातार बना रहे, विश्राम से न सुधरे और रात को अधिक बढ़े, तो इसे सामान्य मानकर छोड़ना खतरनाक हो सकता है। ऐसे लक्षण स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) कैंसर के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं।
स्पाइन कैंसर क्या है?
स्पाइन कैंसर, जिसे रीढ़ की हड्डी का ट्यूमर भी कहा जाता है, रीढ़ की हड्डियों, नसों या मेरुदंड में उत्पन्न होने वाली असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि को कहते हैं। यह कैंसर प्राथमिक (स्पाइन में ही शुरू हुआ) या मेटास्टेटिक (शरीर के किसी अन्य हिस्से से फैला हुआ) हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्राथमिक स्पाइन ट्यूमर दुर्लभ होते हैं, जबकि अधिकतर मामलों में यह कैंसर शरीर के अन्य अंगों जैसे फेफड़े, स्तन या प्रोस्टेट से स्पाइन तक फैलता है।
पीठ दर्द कब बन सकता है खतरे का संकेत?
यदि दर्द लगातार बना रहे, और 2-3 सप्ताह तक घरेलू इलाज से भी न सुधरे
यदि दर्द रात को बढ़ जाए या नींद में खलल डाले
यदि दर्द के साथ हाथ-पैरों में सुन्नता, झनझनाहट या कमजोरी महसूस हो
अचानक चलने-फिरने या संतुलन बनाने में कठिनाई आने लगे
बुखार, वजन घटना या थकान जैसी अन्य लक्षण साथ दिखें
ऐसे में जल्द से जल्द न्यूरोलॉजिस्ट या ऑन्कोलॉजिस्ट से परामर्श लेना आवश्यक है।
कारण और जोखिम कारक
मेटास्टेटिक कैंसर: शरीर के अन्य हिस्सों से स्पाइन तक कैंसर का फैलना
जेनेटिक फैक्टर: कुछ वंशानुगत बीमारियां कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकती हैं
प्रतिरक्षा प्रणाली की कमजोरी
रेडिएशन एक्सपोजर या केमिकल के संपर्क में आना
निदान कैसे होता है?
MRI या CT स्कैन: स्पाइन में ट्यूमर की स्थिति और आकार को देखने के लिए
बायोप्सी: कैंसर की पुष्टि के लिए टिशू सैंपल की जांच
PET स्कैन: यह पता लगाने के लिए कि कैंसर शरीर के और किन हिस्सों में फैला है
इलाज क्या है?
सर्जरी: ट्यूमर को हटाने के लिए
रेडिएशन थेरेपी: शेष कैंसर कोशिकाओं को खत्म करने हेतु
कीमोथेरेपी: यदि ट्यूमर मेटास्टेटिक हो
फिजियोथेरेपी: दर्द और गतिशीलता में सुधार लाने के लिए
यह भी पढ़ें:
महिलाओं के बाल झड़ना हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत, जानें क्या करें
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News