नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को संसद भवन परिसर में दिव्यांग जन एवं वरिष्ठ जन सहायक उपकरण प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जिसका उद्देश्य सांसदों को सरकार की दो संबंधित योजनाओं के बारे में सांसदों को जागरुक तथा संवेदनशील करना है।
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की तीन दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का आयोजन संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान किया गया है। इसका उद्देश्य सरकार की दो प्रमुख योजनाओं विकलांग व्यक्तियों को सहायक उपकरण – एडीआईपी योजना और वरिष्ठ नागरिकों के लिए दैनिक जीवन सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय वयोश्री योजना के बारे में सभी सदस्यों के बीच जागरूकता पैदा करना और इसके बारे में संवेदनशील बनाना है।
श्री बिरला ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्ष रमा देवी भी मौजूद रही।
प्रदर्शनी में एलिम्को द्वारा निर्मित और खरीदे गए सभी अत्याधुनिक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। एलिम्को ने एक नई उत्पाद सूची तैयार की है। इसमें एलिम्को निर्मित उत्पादों की 26 विभिन्न श्रेणियों और 18 नए उत्पादों को रखा गया है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: गुजरात चुनाव के आखिरी घंटे में हुई भारी गड़बड़ी: कांग्रेस
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News