तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा अपनी तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर गुरुवार को सिक्किम से पश्चिम बंगाल के सालुगढ़ा के लिए रवाना हो गए। वह राजधानी गंगटोक के पास लीबिंग स्थित सेना के हेलिपैड से हेलिकॉप्टर से सालुगढ़ा के लिए रवाना हुए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, मुख्यमंत्री की पत्नी कृष्ण राई, विधानसभा अध्यक्ष अरुण उप्रेती, मुख्य सचिव वीबी पाठक, डीजीपी एके सिंह और सिक्किम सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
दलाई लामा गत 11 दिसंबर को सिक्किम आये थे। उन्होंने 12 दिसंबर को राजधानी गंगटोक के पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित बोधिसत्व के 37 अभ्यास विषय पर धार्मिक उपदेश दिया। कार्यक्रम में सिक्किम सहित देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसी तरह 13 दिसंबर को राज्य सरकार की ओर से सम्मान भवन में आयोजित एक सम्मान समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया।
दलाई लामा आज सुबह राजधानी गंगटोक से पश्चिम बंगाल के सालुगढ़ा के लिए रवाना हुए। सालुगढ़ा में उनका धार्मिक उपदेश कार्यक्रम निर्धारित है। दलाई लामा ने आखिरी बार 2013 में सिक्किम का दौरा किया था।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News