ग्वालियर (एजेंसी/वार्ता): वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डाॅ गोविंद सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है और हम सबके नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हैं और वर्ष 2023 में विधानसभा का चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जायेगा। डॉ सिंह आज यहां होटल सेंट्रल पार्क में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, जिलाध्यक्ष डाॅ देवेन्द्र शर्मा, प्रवक्ता आर पी सिंह भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि श्री कमलनाथ ही कांग्रेस के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मप्र में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कई तरह से बाधायें डाली, होर्डिंग बैनर हटवा दिये, जबकि दूसरे राज्यों की सरकारों ने राजनीतिक शिष्टाचार निभाया।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुये कहा कि श्री गांधी की पदयात्रा को देशभर में व्यापक समर्थन मिल रहा है और मप्र में यात्रा के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को ‘पप्पू’ कहने वाले भाजपा नेताओं में घबराहट है इसलिए उन्होंने यात्रा के दौरान अनर्गल बयान दिये और व्यवधान डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जबकि यात्रा को सभी वर्गों का समर्थन और आर्शीवाद मिल रहा है।
एक सवाल के जबाब में श्री सिंह ने कहा कि मतदाताओं ने 2018 में कांग्रेस की सरकार बनबाई, मगर कुछ लोग बिक गये परंतु इस बार जनता कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुकी है, क्योंकि जनता ही खरीद फरोख्त का बदला लेगी।
विधायक जज्जी को लेकर उच्च न्यायालय के निर्णय पर उन्होंने कहा कि हम न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत करते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के एक बयान पर तंज कसते हुये डॉ सिंह ने कहा कि वे ज्योतिष ज्ञाता है जिन्हें सबकुछ दिखता है। कौन नेस्तनाबूद होगा यह ग्वालियर चंबल संभाग की जनता बताएगी। वैसे ग्वालियर नगर निगम और मुरैना नगर निगम चुनाव के नतीजे उनके सामने हैं।
श्री सिंह ने एक सवाल के जबाब में कहा कि हां मैंने कहा था कि विधानसभा चुनाव नहीं लडूंगा, मगर पार्टी कहेगी और जो निर्णय लेगी उसे मैं मानूंगा। उन्होंने राजा पटेरिया के प्रधानमंत्री को लेकर दिये बयान पर कहा कि भाजपा उस बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रही है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: राजस्थान के खेतड़ी में विरासत दिवस उत्सव पर निकाली प्रभात फेरी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News