प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के पहले आज कांग्रेस और उसके नेताओं पर हमले बोलते हुए कहा कि वह जब सत्ता में रहती है, तो “लूट” करती है और सत्ता से बाहर रहते समय जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर “फूट” डलवाने का कार्य करती है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में “एनडीए” चार सौ से अधिक और भाजपा अपने बूते पर “370” से अधिक सीटों पर विजय हासिल करेगी।
श्री मोदी ने आदिवासी बहुल झाबुआ में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने साढ़े सात हजार करोड़ रुपए की लागत वाली योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए। ये योजनाएं सड़क, रेल, बिजली और जल क्षेत्र से संबंधित हैं। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस और उसके दोस्त सत्ता में आने के लिए आखिरी कोशिश में लगे हैं। ये लोग जब सत्ता में रहते हैं तो लूटते हैं और सत्ता से बाहर आने पर लड़वाते हैं। लूट और फूट इनका मुख्य कार्य है। जनता ने अब इनके लूट के रास्ते बंद कर दिए हैं। इसलिए ये लोग जाति, भाषा और इलाके के आधार पर फूट डलवाने की कोशिश में लगे हैं। इन लोगों में नफरत कूट कूट के भरी है।
श्री मोदी ने आज के आयोजन के संदर्भ में कहा कि कुछ लोग इसे आगामी लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान की शुरूआत बता रहे हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। हाल में संपन्न मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में ईश्वर रूपी जनता ने उन्हें भरपूर आशीर्वाद और समर्थन दिया है। इसलिए वे जनता के प्रति आभार व्यक्त करने आए हैं और यह बताना चाहते हैं कि यहां पर डबल इंजन की सरकार और तेजी से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों में जनता के अपार समर्थन ने लोकसभा चुनाव के लिए जनता का मूड भी बता दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तो विपक्ष के नेता भी कहने लगे हैं कि “24 में चार सौ पार”। इसके साथ ही उन्होंने एक अन्य चर्चित नारे के दो शब्द “अबकी बार” बोला, तो जनता की ओर से आवाज आयी “मोदी सरकार”। उन्होंने कहा कि एनडीए के चार सौ पार की बात हो रही है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि भाजपा अपने ही बूते पर 370 पार जाएगी। इसके लिए उन्होंने उन्हें सुन रहे लोगों से अनुरोध किया कि वे अपने अपने पोलिंग बूथ पर पिछले तीन चुनावों के दौरान भाजपा को मिलने वाले मतों की जानकारी जुटाएं और जिस बार सबसे अधिक मत मिले हों, उस संख्या में प्रत्येक बूथ पर “370” और मत पार्टी को दिलाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने में जुट जाएं। इसके अलावा लोगों को मोदी सरकार के कार्य भी बताए जाएं। एेसा करके भाजपा के अपने बूते पर “370 प्लस” के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।
श्री मोदी ने कुछ राज्यों में हाल के विधानसभा चुनाव नतीजों के परिप्रेक्ष्य में कहा कि विपक्ष को जनता के मिजाज का पता लग गया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनता का यही मिजाज पूरे देश में हैं। अपनी हाल की दक्षिण राज्यों की यात्रा का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि माता, बच्चे, नौजवान और प्रत्येक वर्ग के लोग आए और उन्होंने अपने “सेवक” को जमकर प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए कई जन्मों का पुण्य है।
श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव नतीजों से कांग्रेस की छुट्टी हुयी थी और वर्ष 2024 में इसका पूरी तरह सफाया होना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने जमाने में गांव, गरीब और आदिवासी इलाकों की भरपूर उपेक्षा कर नफरत वाला रवैया अपनाया है। उन्होंने आदिवासियों की चिंता सिर्फ वोट बैंक के लिए की है। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का हित किया है और यह सब वोट के लिए नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने आज के जनजातीय सम्मेलन का जिक्र करते हुए बिहार के जनजातीय वीर तिलक मांझी का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि तिलक मांझी ने आज ही के दिन 1784 में वहां के एक अंग्रेज अफसर की तीर मारकर हत्या कर दी थी। आज तिलक मांझी की जन्म जयंती है और वे उन्हें प्रणाम करते हैं। श्री मोदी ने आदिवासियों के हित में केंद्र सरकार की ओर से किए गए कार्यों को भी गिनाया।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News