कांग्रेस ने बिहार में दो और मंत्री पद तथा समन्वय समिति बनाने की मांग की

पटना (एजेंसी/वार्ता): बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (बीपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह ने राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में शामिल दलों के बीच बेहतर तालमेल के लिए समन्वय समिति बनाने और मंत्रिमंडल में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की मांग करते हुए आज स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में केंद्र की सत्ता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उखाड़ फेंकने के बाद ही प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा।

प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद डॉ. सिंह ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संख्या बल के आधार पर नीतीश मंत्रिमंडल में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाना चाहिए। वह जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलकर अनुरोध करेंगे कि मंत्रिमंडल में कांग्रेस के कम से कम दो और विधायकों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही वह उनसे यह भी अनुरोध करेंगे कि राज्य में सरकार में शामिल और समर्थन दे रहे दलों के बीच बेहतर तालमेल के लिए समन्वय समिति का गठन किया जाए ।

डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से उनका आग्रह होगा कि कांग्रेस के साथ सौतेला व्यवहार नहीं किया जाए। बड़े दलों को जो जगह दी जाती है वह कांग्रेस को भी दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि बेहतर राजनीतिक समन्वय के साथ हर गठबंधन सहयोगी के हित का ध्यान रखा गया तो भाजपा के लिए 2024 में एक या दो सीट जीतना भी मुश्किल होगा। बिहार में भगवा ब्रिगेड के लिए कोई जगह नहीं होगी।

-एजेंसी/जारी वार्ता

यह भी पढ़े: साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस और कर्मचारियों की दक्षता जरुरी: पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *