भारतीय जनता पार्टी के पीलीभीत सांसद वरुण गांधी मंगलवार को सपरिवार भगवान केदारनाथ और बदरीनाथ दर्शन को पहुंचे। वह पहले पूर्वाह्न 11 बजे केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। केदारनाथ पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने सांसद का स्वागत किया।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि सांसद वरुण गांधी के केदारनाथ धाम पहुंचने पर प्रसन्नचित नजर आये। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी यामिनी गांधी, पुत्री अनुसूईया भी दर्शन को पहुंची हैं। श्री केदारनाथ पहुंच कर सांसद वरुण ने केदारनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर जलाभिषेक किया। इसके पश्चात बीकेटीसी अध्यक्ष ने सांसद वरुण को भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट किया। इस अवसर पर कार्याधिकारी आरसी तिवारी, पुजारी शिवलिंग, धर्माचार्य औंकार शुक्ला लोकेंद्र रिवाड़ी ललित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र ने बताया कि श्री केदारनाथ में दर्शन के पश्चात सांसद वरुण गांधी दोपहर एक बजे सपरिवार बदरीनाथ धाम पहुंचे जहां हेलीपैड पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने उनका स्वागत किया। मंदिर दर्शन के बाद भगवान बदरीविशाल का प्रसाद भेंट किया। वे बदरीनाथ मंदिर में वेदपाठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने तीर्थयात्रियों के साथ फोटो खिंचवायी और देवभूमि की सराहना की।
इस अवसर पर मंदिर समिति सदस्य भास्कर डिमरी, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, सहायक अभियंता गिरीश देवली, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, अजीत भंडारी आदि मौजूद रहे।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News