दिल की सेहत के लिए वरदान है तेजपत्ता, जानें 5 जबरदस्त फायदे

भारतीय रसोई में अक्सर मसालों के डिब्बे में नजर आने वाला तेज पत्ता (Bay Leaf) केवल भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं है, बल्कि यह एक प्राकृतिक औषधि भी है, जो कई तरह की बीमारियों से लड़ने में मदद कर सकता है। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के अनुसार, तेज पत्ता में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और हाइपोलिपिडेमिक गुण इसे हृदय रोगों के लिए एक उपयोगी घरेलू उपचार बनाते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तेज पत्ते का सही तरीके से सेवन किया जाए, तो यह कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने, ब्लड प्रेशर स्थिर रखने और दिल की मांसपेशियों को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।

1. कोलेस्ट्रॉल को करता है नियंत्रित

तेज पत्ते में प्राकृतिक तत्व होते हैं जो शरीर में LDL (खराब कोलेस्ट्रॉल) को कम करने और HDL (अच्छे कोलेस्ट्रॉल) को बढ़ाने में सहायक होते हैं। नियमित सेवन से रक्त में फैट्स की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे हृदय पर दबाव कम होता है।

कैसे करें सेवन: तेज पत्ते को उबालकर उसका पानी पिएं या पिसे हुए तेज पत्ते को सुबह गुनगुने पानी के साथ लें।

2. ब्लड प्रेशर को रखे संतुलित

तेज पत्ते में मौजूद पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट तत्व रक्त वाहिनियों को रिलैक्स करते हैं, जिससे हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को राहत मिलती है। यह प्राकृतिक रूप से रक्त प्रवाह को नियंत्रित करने में मदद करता है।

3. दिल की मांसपेशियों को बनाए मजबूत

इस पत्ती में पाए जाने वाले फाइटोन्यूट्रिएंट्स और आवश्यक तेल हृदय की कोशिकाओं को पोषण देते हैं, जिससे दिल की कार्यक्षमता बेहतर होती है। तेज पत्ता ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम कर दिल को बीमारी से दूर रखने में सहायक होता है।

4. ब्लड शुगर भी करे कंट्रोल

हाल के अध्ययनों में यह पाया गया है कि तेज पत्ते का सेवन ब्लड शुगर लेवल को स्थिर रखने में भी मददगार हो सकता है, खासतौर पर टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए।

5. पाचन में भी है मददगार

तेज पत्ता केवल हृदय ही नहीं, बल्कि पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद होता है। यह गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याओं को कम करता है, जिससे पेट स्वस्थ रहता है और शरीर को पोषण बेहतर तरीके से मिलता है।

कैसे करें सेवन?

तेज पत्ते को एक गिलास पानी में उबालें और छानकर पी लें।

दाल, सब्ज़ी या पुलाव में डालकर पकाएं, ताकि इसके औषधीय गुण भोजन में शामिल हो जाएं।

पत्ते को सुखाकर पाउडर बना लें और दिन में आधा चम्मच सेवन करें।

ध्यान दें: गर्भवती महिलाएं या किसी गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्ति तेज पत्ते का नियमित सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।

यह भी पढ़ें:

चेहरे के 5 खतरनाक संकेत, हो सकते हैं गंभीर रोगों की पहली चेतावनी