भगवान शिव के रूप में नजर आएंगे अक्षय कुमार, ‘कन्नप्पा’ में निभाएंगे दिव्य किरदार

अक्षय कुमार, जो इंडियन सिनेमा के सबसे व्यस्त और बहुप्रतिभाशाली अभिनेताओं में से एक हैं, साल 2025 में अब तक तीन बड़ी फिल्मों में नजर आ चुके हैं — ‘स्काई फोर्स’, ‘केसरी 2’ और ‘हाउसफुल 5’। अब खिलाड़ी कुमार एक नई और खास भूमिका में दर्शकों से रूबरू होने जा रहे हैं। वह जल्द ही विष्णु मांचू की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘कन्नप्पा’ में भगवान शिव के किरदार में नजर आएंगे।

यह फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और उससे पहले अक्षय कुमार व विष्णु मांचू ने मिलकर फिल्म से जुड़ी कई खास बातें साझा की हैं।

अक्षय कुमार निभाएंगे भगवान शिव की भूमिका
फिल्म ‘कन्नप्पा’ में भगवान शिव का किरदार सिर्फ एक गेस्ट रोल नहीं, बल्कि कहानी का एक मुख्य और महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। विष्णु मांचू का मानना है कि इस किरदार के लिए अक्षय कुमार से बेहतर कोई हो ही नहीं सकता।

विष्णु मांचू बोले – “भगवान शिव ने ही उन्हें चुना है”
एक इंटरव्यू में जब विष्णु से पूछा गया कि भगवान शिव के किरदार के लिए उन्होंने अक्षय कुमार को ही क्यों चुना, तो उनका जवाब भावुक कर देने वाला था। उन्होंने कहा,

“जब मैंने स्क्रिप्ट लिखना शुरू की, तो भगवान शिव के रूप में मेरे ज़हन में सिर्फ एक ही नाम आया — अक्षय कुमार। उनका व्यक्तित्व, उनका चेहरा, और वो आध्यात्मिक ऊर्जा — सब कुछ उन्हें परफेक्ट बनाता है। कई लोगों ने मुझसे पूछा कि क्या मैं पक्का हूं? मैंने कहा, भगवान शिव ने उन्हें चुना है, मैंने नहीं। मैं सिर्फ प्रस्ताव रख सकता था, मंज़ूरी तो शिव जी से मिली।”

शिवरात्रि पर हर साल शूट करते हैं शिव पर गाना
अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले से एक नई परंपरा शुरू की है — हर शिवरात्रि पर भगवान शिव पर एक म्यूजिक वीडियो शूट करना। वह इस परंपरा को आने वाले वर्षों में भी जारी रखने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा,

“भगवान शिव का किरदार निभाना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं खुद को बहुत सशक्त और भाग्यशाली महसूस करता हूं। बहुत कम लोगों को ऐसा मौका मिलता है कि वे भगवान शिव या भगवान कृष्ण जैसे किरदार निभाएं — और वो भी ऐसी फिल्म में जो चले भी। मेरे लिए यह सौभाग्य से कम नहीं।”

अक्षय के किरदार से बढ़ी फिल्म की उम्मीदें
अब जब अक्षय कुमार जैसे स्टार भगवान शिव के अवतार में नजर आएंगे, तो ‘कन्नप्पा’ के लिए दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं। फिल्म का ट्रेलर और लुक्स पहले से ही काफी चर्चा में हैं, और अब शिव के रूप में अक्षय को देखना दर्शकों के लिए एक विशेष अनुभव बनने जा रहा है।

यह भी पढ़ें:

गौतम गंभीर फिर से कमान में, लीड्स टेस्ट से पहले टीम चयन बड़ा सिरदर्द