अभिषेक नायर बने यूपी वॉरियर्स के नए हेड कोच, WPL 2025 में बदलाव की उम्मीदें

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के आगामी सीज़न से पहले यूपी वॉरियर्स फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अनुभवी कोच अभिषेक नायर को नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यूपी वॉरियर्स का प्रदर्शन पिछले तीन सीज़न में बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने WPL 2025 में आठ मुकाबलों में सिर्फ तीन जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही।

टीम प्रबंधन ने इस खराब प्रदर्शन की ज़िम्मेदारी लेते हुए पूर्व कोच जॉन लुईस को पद से हटा दिया और उनकी जगह नायर को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी। नायर का कोचिंग अनुभव बेहद समृद्ध है। 2019 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) अकादमी के हेड कोच के रूप में काम किया। इसके बाद वो KKR के सहायक कोच बने और आईपीएल 2024 में चैंपियन बनने वाली KKR टीम का हिस्सा रहे।

इतना ही नहीं, नायर ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2022 में त्रिनबागो नाइट राइडर्स के हेड कोच के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। उनके अनुभव और खिलाड़ियों के साथ संवाद की शैली की क्रिकेट जगत में काफी सराहना होती रही है। 2024 के दौरान वो भारतीय मेंस टीम के असिस्टेंट कोच भी रहे और ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत के समय टीम का हिस्सा थे। हालांकि, बीसीसीआई ने अप्रत्याशित रूप से अप्रैल 2025 में उनका अनुबंध समाप्त कर दिया था।

यूपी वॉरियर्स के COO और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट क्षेमल वैनगंकर ने कहा, “अभिषेक नायर जैसे अनुभवी और समर्पित कोच का टीम में आना हमारे लिए गर्व की बात है। उनके अनुभव से न केवल टीम की रणनीति बेहतर होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी उनसे काफी सीखने को मिलेगा।”

अब देखना यह होगा कि नायर की अगुवाई में यूपी वॉरियर्स किस तरह वापसी करती है और क्या वो पहली बार WPL के प्लेऑफ में अपनी जगह बना पाएंगे। टीम के फैंस को इस बदलाव से काफी उम्मीदें हैं।

यह भी पढ़ें:

काजू-बादाम से भी ज्यादा ताकतवर साबित होगा ये ड्राई फ्रूट, जानें कैसे करें डाइट में शामिल